मैनपुर बाजार में ‘भीड़ का खेल’! सब्जी विक्रेता के गल्ले से 80 हजार पार, CCTV में कैद चोर की फिल्मी फरारी

मैनपुर :- मैनपुर साप्ताहिक बाजार सोमवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब भीड़-भाड़ के बीच एक शातिर चोर ने सब्जी विक्रेता के गल्ले में रखे 80 हजार रुपये पर हाथ साफ कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। चोर की पूरी करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें उसकी फिल्मी स्टाइल फरारी साफ नजर आ रही है।
जानकारी के मुताबिक राजिम से सब्जी बेचने आए व्यापारी ने दिनभर की बिक्री की रकम थैली में रखी थी। ग्राहकों की भारी भीड़ का फायदा उठाकर चोर ने बड़ी चालाकी से नगदी निकाल ली और भाग निकला। जब चोरी का पता चला तो बाजार में मौजूद लोग “चोर-चोर” चिल्लाते हुए उसके पीछे दौड़े, लेकिन चोर भीड़ में ऐसा घुला कि पलक झपकते ही आंखों से ओझल हो गया।
सीसीटीवी फुटेज में यह भी साफ दिख रहा है कि भागते वक्त चोर की थैली से रुपये जमीन पर गिरते रहे, फिर भी वह बिना रुके फरार हो गया। यह दृश्य अब पूरे बाजार में चर्चा का विषय बना हुआ है।
घटना के बाद पीड़ित सब्जी विक्रेता मैनपुर थाने पहुंचा, जहां मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच तेज कर दी है और चोर की तलाश में आसपास के रास्तों और बाजार क्षेत्रों की खाक छानी जा रही है।
दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक चोरी ने बाजार की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। व्यापारियों में भय का माहौल है और उन्होंने पुलिस से तत्काल सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज जल्द ही चोर को सलाखों के पीछे पहुंचाएगा।

मुख्य खबरें