कुकदा बांध की सफाई में उतरा वन अमला, जनप्रतिनिधियों ने थामी झाड़ू, सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम, श्रमदान कर दिया स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

 

बांध क्षेत्र में लगाए गए चेतावनी बोर्ड, जलस्रोतों की स्वच्छता व सुरक्षा के लिए लोगों को किया जागरूक

संवाददाता – अनीश सोलंकी
छुरा/पाण्डुका :- प्रकृति और जलस्रोतों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने के उद्देश्य से वन परिक्षेत्र पाण्डुका के अंतर्गत परिसर पोंड स्थित कुकदा बांध क्षेत्र में सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

सोमवार को आयोजित इस विशेष अभियान में वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ जनप्रतिनिधियों, वन समितियों के पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने सामूहिक श्रमदान करते हुए कुकदा बांध परिसर की साफ-सफाई की और स्वच्छ जलस्रोत एवं स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया।

अभियान के दौरान कुकदा बांध क्षेत्र में लंबे समय से जमा कचरे एवं गंदगी को हटाकर परिसर को स्वच्छ किया गया। वन विभाग की टीम और जनप्रतिनिधियों ने स्वयं श्रमदान कर लोगों को यह संदेश दिया कि प्राकृतिक स्थलों की स्वच्छता केवल शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। जलस्रोतों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों से बचने के लिए लोगों को जागरूक भी किया गया।

सफाई के साथ सुरक्षा पर भी जोर

सेवा संकल्प अभियान के दौरान केवल स्वच्छता पर ही ध्यान नहीं दिया गया, बल्कि बांध क्षेत्र में आने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी महत्वपूर्ण पहल की गई। कुकदा बांध क्षेत्र में चेतावनी बोर्ड लगाए गए, ताकि यहां पहुंचने वाले ग्रामीणों एवं अन्य लोगों को आवश्यक सावधानियों की जानकारी मिल सके। वन विभाग द्वारा लोगों से अपील की गई कि बांध एवं जलस्रोत के आसपास अनावश्यक रूप से जोखिम न लें, सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें और परिसर में गंदगी न फैलाएं।

जनभागीदारी से मजबूत हुआ सेवा संकल्प

कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि अभियान में वन विभाग के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों और वन समितियों की भी सक्रिय भागीदारी रही। जनपद पंचायत छुरा के वन सभापति युवराज साहू ने अभियान में शामिल होकर श्रमदान किया। वहीं जनपद सदस्य प्रतिनिधि चमन-कंचन देवांगन, ग्राम पंचायत पोंड एवं कुकदा की सरपंच, प्राथमिक लघु वनोपज सहकारी समिति पोंड के प्रबंधक, वन प्रबंधन समिति कुकदा एवं बोड़राबांधा के अध्यक्ष, जैव विविधता समिति कुकदा के अध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिकों ने भी अभियान में सहभागिता निभाई।

वन विभाग के कर्मचारियों ने भी पूरे अभियान के दौरान सक्रिय भूमिका निभाते हुए बांध क्षेत्र की सफाई में योगदान दिया। सामूहिक प्रयास से क्षेत्र में स्वच्छता को लेकर सकारात्मक संदेश गया और ग्रामीणों को भी अपने आसपास के प्राकृतिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रेरित किया गया।

प्रकृति संरक्षण के लिए सामूहिक जिम्मेदारी जरूरी

कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश भी दिया गया कि जंगल, जलस्रोत और प्राकृतिक स्थल केवल प्राकृतिक संपदा ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की अमूल्य धरोहर हैं। इनकी सुरक्षा और स्वच्छता के लिए सरकारी प्रयासों के साथ जनभागीदारी बेहद जरूरी है। कुकदा बांध जैसे जलस्रोतों को प्लास्टिक एवं अन्य कचरे से मुक्त रखना तथा आसपास के पर्यावरण को सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

वन विभाग की इस पहल से स्थानीय स्तर पर स्वच्छता, सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि जब प्रशासन, वन विभाग और समाज एक साथ मिलकर जिम्मेदारी निभाते हैं, तो छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव की नींव बन सकते हैं।

कार्यक्रम में वन परिक्षेत्र अधिकारी पाण्डुका के हमराह वन परिक्षेत्र पाण्डुका के कर्मचारीगण उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों, वन समितियों के पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों ने भविष्य में भी प्राकृतिक स्थलों की स्वच्छता एवं संरक्षण के लिए इसी तरह सामूहिक भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

मुख्य खबरें