गरियाबंद के कद्दावर भाजपा नेता नरोत्तम साहू का बढ़ा सियासी कद भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने सौंपी दोहरी जिम्मेदारी, ओबीसी मोर्चा रायपुर संभाग के सह-प्रभारी और रायपुर ग्रामीण के प्रभारी बनाए गए

गरियाबंद।भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने संगठनात्मक मजबूती की दिशा में बड़ा फैसला लेते हुए गरियाबंद जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मंत्री नरोत्तम साहू पर बड़ा भरोसा जताया है। पार्टी द्वारा जारी नियुक्ति आदेश में उन्हें भाजपा ओबीसी मोर्चा रायपुर संभाग का सह-प्रभारी तथा रायपुर ग्रामीण जिला प्रभारी नियुक्त किया गया है। एक साथ दो महत्वपूर्ण दायित्व मिलने से नरोत्तम साहू का संगठन में राजनीतिक कद और प्रभाव पहले से अधिक मजबूत माना जा रहा है।
भाजपा संगठन में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभा रहे नरोत्तम साहू ने प्रदेश से लेकर जिला और बूथ स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों में लगातार अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई है।
कार्यकर्ताओं के बीच उनकी मजबूत पकड़, संगठन के प्रति समर्पण और जनसंपर्क क्षमता को देखते हुए शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है। राजनीतिक जानकार भी इसे संगठन द्वारा जमीनी कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने की रणनीति के रूप में देख रहे हैं।
नियुक्ति की सूचना मिलते ही गरियाबंद जिले सहित पूरे क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। छुरा सहित विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया तथा मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया पर भी बधाइयों का सिलसिला पूरे दिन चलता रहा।
नवनियुक्त सह-प्रभारी एवं जिला प्रभारी नरोत्तम साहू ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व, प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री एवं ओबीसी मोर्चा के वरिष्ठ पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि वे संगठन की अपेक्षाओं पर पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर का कार्यकर्ता है। उनकी प्राथमिकता रायपुर संभाग और रायपुर ग्रामीण में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं संगठित करना होगी। प्रत्येक कार्यकर्ता को साथ लेकर संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, सामाजिक समरसता और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा।
भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कहा कि नरोत्तम साहू को मिली यह जिम्मेदारी केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं बल्कि गरियाबंद जिले के हजारों कार्यकर्ताओं के परिश्रम और संगठन के प्रति उनकी निष्ठा का सम्मान है। उन्होंने विश्वास जताया कि नरोत्तम साहू के नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और आगामी चुनावों में भाजपा और अधिक मजबूती के साथ जनता के बीच पहुंचेगी।
कार्यकर्ताओं ने दी शुभकामनाएं
नरोत्तम साहू की नियुक्ति पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, मंडल पदाधिकारियों, मोर्चा-प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि संगठन ने योग्य, कर्मठ और जमीनी नेता को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर कार्यकर्ताओं का सम्मान बढ़ाया है।
