छुरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई 2 लाख के गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, बाइक से कर रहे थे तस्करी,कोसमबुड़ा चौक पर घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा, 4 किलो गांजा, बाइक और मोबाइल समेत 2.35 लाख रुपये का माल जब्त

रिपोर्टर :- अनीश सोलंकी 

छुरा :- गरियाबंद जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत छुरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए बाइक से गांजा तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से करीब 4 किलोग्राम गांजा, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन सहित कुल 2 लाख 35 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देश पर जिलेभर में अवैध गांजा एवं शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना छुरा पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 MZ 2191 से अवैध गांजा बिक्री के उद्देश्य से लेकर जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कोसमबुड़ा चौक पर घेराबंदी कर सघन वाहन जांच शुरू की। कुछ देर बाद संदिग्ध मोटरसाइकिल मौके पर पहुंची, जिसे रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बाइक पर रखी सफेद प्लास्टिक की बोरी से गांजा बरामद हुआ।
गवाहों की मौजूदगी में गांजे का वजन कराया गया, जो 4 किलोग्राम निकला। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 2 लाख रुपये आंकी गई। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 30 हजार रुपये) तथा एक मोबाइल फोन (कीमत 5 हजार रुपये) भी जब्त किया गया। कुल जब्त संपत्ति का मूल्य 2 लाख 35 हजार रुपये है।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान टंकेश्वर साहू (22 वर्ष), निवासी ग्राम मुड़ागांव, थाना छुरा तथा राजेश चक्रधारी (32 वर्ष), निवासी फिंगेश्वर के रूप में बताई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
गरियाबंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार पर पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई जारी रहेगी और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार चलता रहेगा।

मुख्य खबरें