छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के प्रबल समर्थक रहे स्वर्गीय विद्या चरण शुक्ल की पुण्यतिथि पर कांग्रेसजनों ने दी श्रद्धांजलि

छुरा। नगर मुख्यालय स्थित राजमहल प्रांगण में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण की मांग को राष्ट्रीय स्तर पर मुखरता से उठाने वाले दिवंगत नेता स्वर्गीय विद्या चरण शुक्ल की पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई।
इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान को याद किया।
कार्यक्रम की शुरुआत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष श्रीमती माहेश्वरी शाह द्वारा स्वर्गीय विद्या चरण शुक्ल की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अब्दुल समद खान, जिला महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष मंजू ध्रुव, पूर्व पार्षद राजकुमारी सोनी, पार्षद दीप्ति यादव, यशपेंद्र शाह, अशोक दीक्षित, भानुप्रताप वर्मा, हरीश यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अपने संबोधन में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती माहेश्वरी शाह ने कहा कि स्वर्गीय विद्या चरण शुक्ल देश के उन चुनिंदा नेताओं में शामिल थे, जिन्होंने अपनी राजनीतिक क्षमता, दूरदर्शिता और जनसेवा के बल पर राष्ट्रीय राजनीति में एक अलग पहचान बनाई। अभिभाजित मध्यप्रदेश में उनकी पहचान एक प्रभावशाली एवं कद्दावर नेता के रूप में थी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को अलग राज्य बनाने की मांग को मजबूती प्रदान करने में विद्या चरण शुक्ल की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसके कारण उन्हें प्रदेश की जनता सदैव सम्मान और श्रद्धा के साथ याद करती रहेगी।
पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अब्दुल समद खान ने कहा कि स्वर्गीय विद्या चरण शुक्ल का राजनीतिक जीवन जनकल्याण और विकास के लिए समर्पित रहा। देश में संचार एवं दूरभाष सेवाओं के विस्तार में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि महासमुंद लोकसभा क्षेत्र से सात बार सांसद चुना जाना उनके जनाधार और लोकप्रियता का प्रमाण है। उन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में आम जनता के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।
जिला महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष मंजू ध्रुव ने कहा कि स्वर्गीय विद्या चरण शुक्ल ने देश में संचार क्रांति को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयासों के कारण दूरभाष नेटवर्क का व्यापक विस्तार हुआ, जिसका लाभ आज देश के करोड़ों नागरिकों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि विद्या भैया का व्यक्तित्व और उनके द्वारा स्थापित आदर्श आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने स्वर्गीय विद्या चरण शुक्ल के राजनीतिक संघर्ष, संगठनात्मक क्षमता तथा छत्तीसगढ़ के विकास में उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने सदैव लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और जनहित को सर्वोपरि रखा।
उपस्थित कांग्रेसजनों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता की स्मृति को नमन किया और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि स्वर्गीय विद्या चरण शुक्ल केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता और विकास के लिए संघर्ष करने वाले ऐसे व्यक्तित्व थे, जिनकी सेवाओं और योगदान को प्रदेश की जनता हमेशा कृतज्ञतापूर्वक याद करती रहेगी।
