NH-130 पर पलटा सीमेंट से भरा ट्रक,मैनपुर पुलिस बनी संकटमोचक!” सैकड़ों बोरियां सड़क पर बिखरीं, कई किमी तक लगा जाम थाना प्रभारी ने खुद संभाली कमान, जवानों संग उतरकर खुलवाया हाईवे

रिपोर्टर :- अनीश सोलंकी
मैनपुर । नेशनल हाईवे 130 पर रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा उस समय सामने आया, जब कोदोमाली के पास खतरनाक मोड़ पर सीमेंट से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक पलटते ही उसमें भरी सैकड़ों सीमेंट की बोरियां सड़क पर बिखर गईं और कुछ ही मिनटों में पूरा हाईवे जाम की गिरफ्त में आ गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, यात्री घंटों तक परेशान होते रहे और हालात लगातार बिगड़ते चले गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल था, लेकिन इसी बीच मैनपुर पुलिस ने जो किया, उसने न सिर्फ जाम खुलवाया बल्कि लोगों के दिलों में अपनी अलग छाप भी छोड़ दी।

जब हर कोई था परेशान, पुलिस बनी सहारा

मैनपुर थाना प्रभारी शिवशंकर हुर्रा अपनी टीम के साथ किसी अन्य सूचना पर निकले हुए थे। जैसे ही उनकी नजर इस बड़े हादसे पर पड़ी, उन्होंने बिना एक पल गंवाए मौके की कमान अपने हाथ में ले ली।

जहां आमतौर पर ऐसे हालात में सिर्फ निर्देश दिए जाते हैं, वहीं यहां थाना प्रभारी खुद अपने जवानों के साथ सड़क पर उतर आए। धूल, सीमेंट और भीषण गर्मी के बीच पुलिस के जवानों ने हाथों से बोरियां हटाना शुरू कर दिया।

यह नजारा देख हर कोई दंग रह गया — वर्दी में खड़े अधिकारी खुद श्रमिक बनकर लोगों की मदद कर रहे थे।

10 किलोमीटर दूर से मंगवाई क्रेन, दिखाई जबरदस्त तत्परता

स्थिति को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए थाना प्रभारी ने तुरंत करीब 10 किलोमीटर दूर अडगड़ी पुल से क्रेन मंगवाई।

कड़ी मेहनत और सूझबूझ के साथ पलटे ट्रक को सड़क किनारे कराया गया। पुलिस की मुस्तैदी के चलते जाम में फंसे वाहनों को धीरे-धीरे निकाला गया और कुछ ही घंटों में हाईवे पर यातायात फिर से सुचारू कर दिया गया।

घंटों की मुसीबत खत्म, पुलिस ने जीता जनता का दिल

जहां लोग घंटों से जाम में फंसे परेशान हो चुके थे, वहीं मैनपुर पुलिस की सक्रियता ने उन्हें बड़ी राहत दी।

मौके पर मौजूद लोगों ने खुलकर पुलिस की तारीफ की और कहा —
“ऐसी पुलिस पहली बार देखी, जो सिर्फ आदेश नहीं देती बल्कि खुद मेहनत करके जनता की परेशानी दूर करती है।”कई लोगों ने इसे “इंसानियत की सच्ची मिसाल” बताया।

बदली तस्वीर, टूटी पुरानी धारणाएं

अक्सर पुलिस को लेकर समाज में कई तरह की नकारात्मक धारणाएं बनी रहती हैं, लेकिन मैनपुर पुलिस की इस कार्यशैली ने उन सभी सोच को एक झटके में बदल दिया।
इस घटना ने यह साबित कर दिया कि जब पुलिस संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और सेवा भाव के साथ काम करती है, तो वह सिर्फ कानून की रक्षक नहीं बल्कि जनता की सच्ची हमदर्द बन जाती है।

मैनपुर पुलिस बनी मिसाल
इस पूरे घटनाक्रम ने मैनपुर पुलिस को एक नई पहचान दी है —
एक ऐसी पुलिस जो संकट में सबसे आगे खड़ी रहती है,
जो आदेश नहीं, उदाहरण पेश करती है,और जो वर्दी के पीछे छुपे इंसानियत के जज्बे को जिंदा रखती है।

राहगीरों ने कहा “सलाम मैनपुर पुलिस — जहां कर्तव्य के साथ-साथ इंसानियत भी निभाते दिखाई दी ”

मुख्य खबरें