गैस किल्लत पर मैनपुर में कांग्रेस का जोरदार हल्ला — सिलेंडर की ‘शवयात्रा’ निकाली, नाले की गैस से चाय बनाने की कोशिश कर सरकार पर कसा तंज

रिपोर्टर :- अनीश सोलंकी
मैनपुर :- रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और सिलेंडर की किल्लत को लेकर सोमवार को मैनपुर नगर में कांग्रेस ने ऐसा विरोध प्रदर्शन किया, जिसने पूरे इलाके में हलचल मचा दी। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मैनपुर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकालकर महंगाई के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और भाजपा सरकार को निशाने पर लिया।
नगर के प्रमुख मार्गों से निकली इस रैली में कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे और बैनर लेकर सड़कों पर उतरे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान माहौल पूरी तरह राजनीतिक रंग में रंग गया और राहगीर भी रुक-रुककर इस अनोखे विरोध को देखने लगे।
नाले की गैस से चाय बनाने की कोशिश, देखने उमड़ी भीड़
प्रदर्शन का सबसे चर्चित और अनोखा दृश्य तब देखने को मिला जब कांग्रेस कार्यकर्ता चाय के बर्तन, केतली और कुल्हड़ लेकर सड़क किनारे नाले के पास पहुंच गए और वहां नाले की गैस से चाय बनाने की कोशिश करने लगे। हालांकि यह प्रयास सफल नहीं हो सका, लेकिन इस अनोखे प्रदर्शन ने लोगों का ध्यान खींच लिया।
सड़क किनारे हुए इस प्रदर्शन को देखने के लिए आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और कई लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।
प्रधानमंत्री के बयान पर तंज
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि हाल ही में सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री के नाले की गैस से चाय बनाने वाले बयान का वीडियो वायरल हुआ था। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यह प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया और सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।
“महंगाई से आम जनता त्रस्त”
प्रदर्शन के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम ने कहा कि देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है और रसोई गैस सिलेंडर की कीमतें आम आदमी की पहुंच से बाहर होती जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने के बजाय केवल बड़े-बड़े दावे कर रही है, जबकि आम जनता रोजमर्रा की जरूरतों के लिए जूझ रही है।
“रसोई का बजट बिगाड़ दिया महंगाई ने”
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मैनपुर के अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव ने आरोप लगाया कि गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। उन्होंने कहा कि सरकार को जनता की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए, अन्यथा कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आंदोलन जारी रखेगी।
नगर में बना चर्चा का विषय
नाले के किनारे चाय बनाने की कोशिश और सिलेंडर की शवयात्रा जैसे अनोखे विरोध प्रदर्शन के कारण यह घटना पूरे नगर और आसपास के क्षेत्रों में चर्चा का विषय बन गई। लोग जगह-जगह इस प्रदर्शन को लेकर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और सोशल मीडिया पर भी इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रदर्शन में ये रहे शामिल
इस दौरान जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष संजय नेताम, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव, महिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियंका कपिल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष सोहन नागेश, महामंत्री गेन्दू यादव, शाहिद मेमन, सावंत शर्मा, जाकीर रजा, पूरन मेश्राम, नजीब बेग, पदूलोचन यादव, इमरान खान, दुलेन्द्र नेगी, मुकेश कपिल, दयाराम यादव, रोशन राठौर, डोमार साहू, गुंजेश कपिल, उपासिन नागेश, राकेश ध्रुव, तरुण कपिल, हबीब मेमन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
