नशे में ट्रैक्टर चालक बना मासूम की जान का दुश्मन, जोरदार टक्कर में 5 साल का बालक गंभीर — आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक की कर दी पिटाई

रिपोर्टर :- अनीश सोलंकी 

छुरा :- क्षेत्र में ड्रिंक एंड ड्राइव और हिट एंड रन की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। रविवार शाम छुरा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। ग्राम हीराबतर–रसेला मार्ग पर ट्रैक्टर और बाइक के बीच हुई भीषण टक्कर में 5 साल का मासूम बालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे हालत नाजुक होने पर हायर सेंटर रेफर किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 6 बजे हीराबतर से रसेला जाने वाले पुल के पास रसेला की ओर से आ रहे एक ट्रैक्टर ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे और बुरी तरह घायल हो गए।

हादसे में घायल लोगों की पहचान भूपेंद्र नेताम (22 वर्ष) पिता गौकरण नेताम, अमित नेताम (17 वर्ष) पिता नागेश नेताम और लक्ष्य नेताम (5 वर्ष) पिता तामराज नेताम, निवासी हीराबतर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों बाइक से रसेला बाल कटाने जा रहे थे, तभी रास्ते में यह भीषण हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर चालक शराब के नशे में धुत होकर वाहन चला रहा था। दुर्घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और आक्रोशित लोगों ने नशे में धुत चालक की जमकर पिटाई कर दी।

घायलों को तुरंत छुरा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने 5 वर्षीय मासूम लक्ष्य नेताम की गंभीर हालत को देखते हुए उसे तत्काल हायर सेंटर रेफर कर दिया।

घटना के बाद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर और चालक को पकड़कर छुरा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। उल्लेखनीय है कि पुलिस द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है, लेकिन इसके बावजूद कई वाहन चालक नशे में वाहन चलाकर लोगों की जान जोखिम में डाल रहे हैं।
यह हादसा एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर रहा है कि नशे में वाहन चलाने की लापरवाही आखिर कब रुकेगी, क्योंकि ऐसी गैरजिम्मेदारी का खामियाजा अक्सर मासूमों को भुगतना पड़ता है।

मुख्य खबरें