संघ के 100 वर्षों की गौरवगाथा पर आधारित फिल्म ‘शतक’ का हुआ विशेष प्रदर्शन विधायक रोहित साहू के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों ने लिया प्रेरणा का संकल्प

छुरा :- आज राजिम क्षेत्र में राष्ट्रभावना और संगठनात्मक एकता का अद्भुत दृश्य देखने को मिला, जब राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के स्वयंसेवकों ने नवापारा स्थित गैलेक्सी सिनेमा में संघ के 100 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर आधारित प्रेरक फिल्म ‘शतक’ का सामूहिक अवलोकन किया।
यह अवसर केवल एक फिल्म प्रदर्शन भर नहीं था, बल्कि राष्ट्रसेवा, संगठन शक्ति और संस्कारों की अमिट परंपरा को आत्मसात करने का क्षण भी था। फिल्म ‘शतक’ में संघ की स्थापना से लेकर आज तक के सौ वर्षों की यात्रा, उसके सामाजिक सरोकार, राष्ट्र निर्माण में योगदान, आपदा के समय सेवा कार्य तथा सांस्कृतिक जागरण की भूमिका को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक रोहित साहू ने कहा कि संघ ने पिछले 100 वर्षों में राष्ट्र निर्माण की जिस परंपरा को जीवंत रखा है, वह प्रत्येक स्वयंसेवक और कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि संगठन की शक्ति, अनुशासन और सेवा भावना ही भारत को विश्वगुरु बनाने की दिशा में अग्रसर कर रही है।
उन्होंने आगे कहा कि आज की युवा पीढ़ी के लिए यह फिल्म एक मार्गदर्शक की तरह है, जो उन्हें अपने कर्तव्यों, संस्कारों और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश देती है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता एवं संघ के स्वयंसेवक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज सेवा के संकल्प को और मजबूत करने की बात कही।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों के साथ राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो उठा।
