उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व में आगजनी पर सख्त कार्रवाई कुल्हाड़ीघाट वन परिक्षेत्र में आग लगाने वाला आरोपी 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया, अब होली मनाएगा सलाखों के पीछे

संवाददाता :- अनीश सोलंकी
.
गरियाबंद :- वन्य संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों पर वन विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व के कुल्हाड़ीघाट वन परिक्षेत्र में जंगल में आग लगाने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिनों की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। आरोपी अब इस वर्ष की होली जेल में ही मनाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 02/03/2026 को दर्ज पीओआर प्रकरण क्रमांक 06/03 के तहत अर्जुन कुमार नगरार को जंगल में आग लगाने के गंभीर अपराध में गिरफ्तार किया गया। 03/03/2026 को माननीय न्यायालय में पेशी के बाद न्यायालय ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जंगल में लगी आग से वन्यजीवों और जैव विविधता को भारी नुकसान की आशंका है। आगजनी की घटनाएं न केवल पर्यावरण के लिए घातक हैं, बल्कि इससे दुर्लभ प्रजातियों के अस्तित्व पर भी खतरा मंडराता है।
टाइगर रिजर्व के वन मंडल अधिकारी वरुण जैन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जंगल में आग लगाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि वन संपदा की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और दोषियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
वन विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि प्राकृतिक धरोहर को नुकसान पहुंचाने वालों के लिए कानून का शिकंजा लगातार कसता रहेगा। आगामी होली पर्व के मद्देनजर भी विभाग ने जंगल क्षेत्रों में निगरानी और गश्त बढ़ा दी है, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
