रानीपरतेवा की धमाकेदार जीत, छुरा ‘ए’ को हराकर जीता बालीबाल चैंपियन का ताज,16 टीमों के संग्राम में 11 हजार नगद व कप पर कब्जा, खिलाड़ियों का जोश देख गूंजा छुरा मैदान

छुरा। बालीबाल ग्रुप छुरा द्वारा आयोजित एक दिवसीय बालीबाल प्रतियोगिता में रानीपरतेवा की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में छुरा ‘ए’ को पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। पूरे टूर्नामेंट में रोमांचक मुकाबलों और खिलाड़ियों के जबरदस्त उत्साह ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा।
प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने भाग लिया। कड़े मुकाबलों के बाद रानीपरतेवा ने प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता टीम को आयोजक समिति द्वारा 11 हजार रुपये नगद एवं आकर्षक कप प्रदान किया गया। वहीं उपविजेता छुरा ‘ए’ को 7 हजार रुपये नगद व कप तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छुरा ‘बी’ को 5 हजार रुपये नगद व कप देकर सम्मानित किया गया।
व्यक्तिगत पुरस्कारों में भी चमके खिलाड़ी
बेस्ट लिब्रो का खिताब रानीपरतेवा के चितरंजन को, बेस्ट शॉटर का पुरस्कार मुरारी (रानीपरतेवा) को प्रदान किया गया। वहीं छुरा ‘ए’ के रिशु को बेस्ट ऑलराउंडर तथा मोनू को बेस्ट सेंटर का पुरस्कार कप व शील्ड के साथ दिया गया।
पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ संकल्प हॉस्पिटल के निर्देशक हेमचंद देवांगन ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद क्षेत्र के युवाओं का प्रदर्शन काबिले-तारीफ है। उन्होंने कहा कि यदि शासन-प्रशासन का सहयोग और खेल सुविधाएं उपलब्ध हों तो आदिवासी अंचल के ये खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं।
आयोजन को सफल बनाने में चंचल सिन्हा, देवसिंग रात्रे, भोलेशंकर जायसवाल, अब्दुल जब्बार अली, दीपक ध्रुव, रोमन ठाकुर, संजय ध्रुव, रेवेन्द्र दीक्षित, योगेश यादव, टकेंश्वर मरकाम, चंदन मरकाम, परस साहू, मोनू ठाकुर, लोमस ध्रुव, बसंत सेन, रमन चंद्राकर एवं हेमशिखर ध्रुवा सहित समिति के सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
रोमांचक मुकाबलों और दर्शकों की गूंजती तालियों के बीच संपन्न हुआ यह टूर्नामेंट छुरा क्षेत्र में बालीबाल खेल के बढ़ते जुनून का प्रतीक बन गया!

मुख्य खबरें