नाबालिग का अपहरण और दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, छुरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

छुरा :- थाना छुरा पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म और अपहरण जैसे जघन्य अपराध में शामिल आरोपी को धर दबोचने में सफलता पाई है। पुलिस ने आरोपी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, वहीं पीड़िता को सकुशल उसके परिजनों को सौंप दिया गया। यह कार्रवाई पुलिस की तत्परता और मुस्तैदी का बड़ा उदाहरण बन गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 14 जुलाई 2025 को थाना छुरा क्षेत्र की एक नाबालिग बालिका को आरोपी बहला-फुसलाकर अपहरण कर ले गया था। घटना की रिपोर्ट पर थाना छुरा में अपराध क्रमांक 99/2025 धारा 137(2) बीएनएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज होते ही आरोपी और पीड़िता की तलाश शुरू कर दी।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित विशेष पुलिस टीम ने लगातार तकनीकी व भौतिक आधार पर जांच करते हुए महाराष्ट्र के पनवेल में दबिश दी और आरोपी रमेश दुबे पिता स्व. यज्ञनारायण दुबे (उम्र 39 वर्ष, निवासी अटरिया, थाना सैहोरिया, जिला रीवा, मध्यप्रदेश, हाल निवास तुरसा, पनवेल, महाराष्ट्र) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीड़िता को भी मुक्त कराया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल दाखिल कर दिया गया। वहीं नाबालिग पीड़िता को सुरक्षित उसके माता-पिता के सुपुर्द किया गया।

पुलिस की तत्परता पर क्षेत्र में सराहना
इस जघन्य अपराध का खुलासा कर छुरा पुलिस ने जहां पीड़िता के परिजनों को राहत पहुंचाई, वहीं क्षेत्र में पुलिस की साख और भरोसे को भी मजबूत किया है। लोग पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के लिए कड़ा संदेश बता रहे हैं।

मुख्य खबरें