छुरा ब्लॉक में कुपोषण के खिलाफ मजबूत पहल, जनप्रतिनिधि ने दी सहमति – बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की ओर सशक्त कदम

छुरा :- छत्तीसगढ़ सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा छुरा ब्लॉक के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों को पोषण युक्त सामग्री प्रदान करने के उद्देश्य से एक अहम पहल की गई। इस अभियान को स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जागरूक नागरिकों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। आज कोसमी सेक्टर में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत क़ृषि सभापति लेखराज ध्रुवा ने महिला एवं बाल विकास विभाग के इस प्रयास को समर्थन देते हुए दो बच्चों निखिल मरकाम और चंद्रदेव के लिए पोषण सामग्री प्रदान करने की सहमति दी। यह सहमति पत्र 6 माह तक निर्धारित पोषण सामग्री के समुचित वितरण और देखरेख हेतु दी गई है, ताकि बच्चों को गंभीर कुपोषण की स्थिति से बाहर निकालकर सुपोषित श्रेणी में लाया जा सके। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, पालक, पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों के पोषण और विकास को लेकर जागरूकता दिखाई। आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित जांच, वजन मापन और पोषण परामर्श भी दिया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत क़ृषि सभापति लेखराज ध्रुवा ने कहा यह केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है। जब तक हमारे गांव का हर बच्चा स्वस्थ और सुपोषित नहीं हो जाता, तब तक विकास अधूरा है। इस तरह की योजनाएं बच्चों के बेहतर भविष्य की नींव हैं।”
आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों और माताओं के लिए जानकारीपरक चार्ट, वर्णमाला, भोजन मंत्र और रंगीन दीवार चित्रों के माध्यम से शिक्षा और पोषण दोनों का समन्वय देखने को मिला। यह आयोजन न केवल सहमति पत्रों के हस्ताक्षर तक सीमित रहा, बल्कि गांव में कुपोषण उन्मूलन की दिशा में एक सामूहिक संकल्प का प्रतीक बना।यह पहल बच्चों के संपूर्ण शारीरिक और मानसिक विकास को सुनिश्चित करने के लिए सरकार और समाज के संयुक्त प्रयास का उत्कृष्ट उदाहरण है।
