कुण्डेल भाठा धान संग्रहण केंद्र में कर्मचारियों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी, पीएफ घोटाले को लेकर गहरा आक्रोश

गरियाबंद: – जिले के कुण्डेल भाठा स्थित धान संग्रहण केंद्र में पिछले तीन दिनों से कामकाज पूरी तरह से ठप है। कारण है – कर्मचारियों की हड़ताल, जो अब आंदोलन का रूप ले चुकी है। कर्मचारियों का आरोप है कि बीते 10 महीनों से उनके पीएफ की राशि उनके खातों में जमा नहीं की गई है, जिससे उनमें भारी नाराजगी है।

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों को स्थानीय हेमाल टोली का भी समर्थन मिल चुका है, जिससे आंदोलन को और बल मिला है। करीब 150 से 200 कर्मचारियों का पीएफ अटका हुआ है, बावजूद इसके जिम्मेदार ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।

कर्मचारियों का कहना है कि वे कई बार ठेकेदार के खिलाफ प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन विभागीय स्तर पर सिर्फ आश्वासन मिला, कार्रवाई नहीं। प्रदर्शनकारियों ने यह भी खुलासा किया कि अब तक उन्होंने ठेकेदार का चेहरा तक नहीं देखा है, जबकि सारा संपर्क केवल संदीप कोटा नामक व्यक्ति के माध्यम से होता है।

वर्तमान हालात को देखते हुए जिला विपणन अधिकारी अमित चंद्रकार और जिला खाद्य अधिकारी स्वयं संग्रहण केंद्र पहुंचे हैं। अधिकारी भी ठेकेदार के आने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन आंदोलनरत कर्मचारियों का कहना है कि अब सिर्फ आश्वासन नहीं, ठोस कार्रवाई चाहिए।

अब देखना यह होगा कि प्रशासन कब तक इस गंभीर मुद्दे को हल करता है या यह आंदोलन और तेज़ रूप लेता है।

मुख्य खबरें