नातों की गूंज, हाथों में परचम और भाईचारे का पैगाम… छुरा में धूमधाम से निकला ईद मिलादुन्नबी का जुलूस

सुन्नी रजा मस्जिद में परचम कुशाई के बाद निकला भव्य जुलूस, कब्रिस्तान पहुंचकर मरहूमों के लिए की गई विशेष दुआ
रिपोर्टर :- अनीश सोलंकी
छुरा। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन के अवसर पर मनाया जाने वाला पवित्र पर्व जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी बुधवार को छुरा नगर में मुस्लिम समाज द्वारा पूरे उत्साह, उमंग और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। सुबह से ही नगर का माहौल नात-ए-पाक, धार्मिक नारों और भाईचारे की भावना से सराबोर नजर आया। मुस्लिम समाज के लोग एवं बच्चे नए कपड़े पहनकर हाथों में आकर्षक परचम लेकर सुन्नी रजा मस्जिद पहुंचे।
सुबह करीब 8 बजे सुन्नी रजा मस्जिद में इमाम गुलाम मुस्तफा द्वारा परचम कुशाई की रस्म अदा की गई। इसके बाद देश में अमन-चैन, शांति, खुशहाली और आपसी भाईचारे के लिए विशेष दुआ की गई। दुआ के बाद बड़ी संख्या में समाज के लोग जुलूस की शक्ल में नगर भ्रमण के लिए रवाना हुए।
जुलूस में बड़ी संख्या में बच्चे, युवा और बुजुर्ग हाथों में विभिन्न रंगों के परचम लेकर शामिल हुए। जुलूस के दौरान नात शरीफ पढ़ी गई और पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाओं एवं आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया गया। रंग-बिरंगे परचमों से सजा जुलूस नगर की सड़कों से निकला तो लोगों में भी उत्साह देखने को मिला।
सुन्नी रजा मस्जिद से निकला जुलूस आमापारा, स्वर्ण जयंती चौक, बस स्टैंड होते हुए कब्रिस्तान पहुंचा। यहां समाजजनों ने मरहूमों की कब्रों पर फूल चढ़ाकर उनके लिए विशेष दुआ की। इसके बाद जुलूस पुनः कब्रिस्तान से रवाना होकर बस स्टैंड, बजरंग चौक और शिव चौक होते हुए वापस सुन्नी रजा मस्जिद पहुंचा।
जुलूस का नगर में जगह-जगह लोगों द्वारा स्वागत किया गया। इस दौरान सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली। पूरे आयोजन में अनुशासन और शांतिपूर्ण माहौल बना रहा। ईद मिलादुन्नबी को लेकर मुस्लिम समाज के लोगों में विशेष उत्साह दिखाई दिया।
रात में रखा गया आम लंगर
ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर मुस्लिम समाज द्वारा रात में आम लंगर का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के माध्यम से समाज में एकता, प्रेम, भाईचारे और आपसी सौहार्द का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर हाजी अब्दुल सत्तार मेमन, हाजी अब्दुल रहमान मेमन, हाजी डॉक्टर चिराग अली, हाजी आरिफ मेमन, हाजी सुलतान खान, हाजी राशिद रजा, सदर अजमेर खान, समद खान, यासीन खान, कादर खान, अब्दुल शमीम, इस्माइल खान, सलीम मेमन, यूनुस मेमन, जमशीर कुरैशी, रऊफ खान, सरवर खान, सिकंदर खान, जब्बार खान, हनीफ मेमन,रज्जू मेमन,लक्की मेमन, हारून अली, शाहबाज खान,राजा मेमन,बंटी, साहिल, अजमेर खान, कासिम अली, सोहेल मेमन,इल्लू मेमन, अब्बास खान, मौलाना अबरार राजा सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग उपस्थित रहे।
ईद मिलादुन्नबी के इस आयोजन ने छुरा नगर में धार्मिक आस्था के साथ-साथ अमन, शांति, प्रेम और भाईचारे का संदेश भी दिया।
