कलेक्टोरेट परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि, कलेक्टर रणबीर शर्मा बोले—गांधीजी के विचार आज भी समाज और राष्ट्र के लिए मार्गदर्शक
संवाददाता – अनीश सोलंकी
गरियाबंद,। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को गरियाबंद कलेक्टोरेट परिसर में श्रद्धा और सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया और देश के लिए उनके अमूल्य योगदान को स्मरण किया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और मानवता के मार्ग पर चलते हुए न केवल भारत को स्वतंत्रता की राह दिखाई, बल्कि पूरी दुनिया को शांति, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया। गांधीजी का जीवन संघर्ष, सादगी और सिद्धांतों के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता का उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि गांधीजी के विचारों में समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण की भावना प्रमुख रूप से दिखाई देती है। उनका मानना था कि विकास का वास्तविक अर्थ तभी है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और सामाजिक समरसता को लेकर गांधीजी का दृष्टिकोण आज भी उतना ही प्रासंगिक है।
कलेक्टर ने कहा कि गांधीजी का जीवन हमें कठिन परिस्थितियों में भी सत्य के मार्ग पर अडिग रहने और समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। उनके विचारों को अपने व्यवहार और कार्यशैली में अपनाकर ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टोरेट परिसर में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। सभी ने राष्ट्रपिता के आदर्शों को स्मरण करते हुए सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और जनसेवा के मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्रीमती ऋषा ठाकुर, श्री पंकज डाहिरे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री करण उइके, एसडीएम सुश्री हितेश्वरी बाघे, वरिष्ठ नागरिक श्री अनिल चंद्राकर सहित जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
