संकरी सड़क और गड्ढों का खेल खत्म,बरसते पानी में राजिम–छुरा मार्ग के कायाकल्प का शंखनाद, 43.20 किमी सड़क चौड़ीकरण का भूमिपूजन,फूलों की बारिश से गूंजा छुरा, विधायक रोहित साहू का कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत

संवाददाता – अनीश सोलंकी 

छुरा :- लंबे समय से संकरी सड़क, गड्ढों और बदहाल आवागमन की परेशानी झेल रहे राजिम–छुरा क्षेत्र के लिए गुरुवार का दिन अहम रहा। आसमान से बारिश की झड़ी लगी थी, लेकिन विकास के इस कार्यक्रम में उत्साह थमने का नाम नहीं ले रहा था। बरसते पानी के बीच राजिम विधायक रोहित साहू ने राजिम–छुरा मुख्य मार्ग के 43.20 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया। विधायक के पहुंचते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूलों की बारिश कर उनका जोशीला स्वागत किया।

सड़क चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण की शुरुआत के साथ ही वर्षों से इस मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर उठती आ रही आवाजों के बीच अब बदलाव की उम्मीद जगी है। लंबे समय से सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और संकरी सड़क के कारण वाहन चालकों तथा आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता रहा है। प्रस्तावित कार्य के पूरा होने के बाद इस मार्ग पर आवागमन को अधिक सुगम बनाने की उम्मीद है।

बारिश बरसती रही, स्वागत में फूल बरसते रहे

गुरुवार को भूमिपूजन कार्यक्रम में मौसम ने साथ नहीं दिया, लेकिन कार्यकर्ताओं का जोश कम नहीं हुआ। बारिश के बीच बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी कार्यक्रम स्थल पर जुटे। विधायक रोहित साहू के पहुंचते ही फूलों की बारिश कर उनका स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने पूजा-अर्चना कर सड़क चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का भूमिपूजन किया।

विधायक बोले—जनता की पुरानी मांग अब धरातल पर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि राजिम विधानसभा क्षेत्र की जनता की बहुत पुरानी मांग आज मूर्त रूप ले रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले जनता के बीच राजिम–छुरा मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण की बात रखी गई थी। स्वीकृति के बाद अब उसी कार्य का भूमिपूजन जनता के बीच किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सड़क की जर्जर हालत और गड्ढों के कारण लोगों को आवागमन में काफी दिक्कत होती थी। अब सड़क का कायाकल्प होने जा रहा है और क्षेत्रवासियों को संकरी एवं गड्ढों वाली सड़क से राहत मिलने की उम्मीद है।

रोहित साहू ने कहा कि राजिम से कौंदकेरा होते हुए छुरा पहुंचने के दौरान रास्ते के गांवों में जनता और कार्यकर्ताओं ने जिस उत्साह से उनका स्वागत किया, वह उनके लिए जनता का आशीर्वाद है। उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें बेटा और भाई मानकर अपना प्रतिनिधि चुना है और यह विश्वास उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी है।

‘ढाई साल और बाकी, विकास कार्यों का सिलसिला जारी रहेगा’

विधायक ने प्रदेश सरकार के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव, उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा तथा वित्त मंत्री ओपी शर्मा के सहयोग का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि कोमाखान से छुरा होते हुए गरियाबंद तक सड़क चौड़ीकरण की दिशा में भी काम होना है। उन्होंने कहा कि अभी कार्यकाल के ढाई साल हुए हैं और ढाई साल बाकी हैं। जनता का आशीर्वाद मिलता रहा तो आने वाले समय में राजिम विधानसभा क्षेत्र में विकास के और कार्य किए जाएंगे।

लुकेश्वरी निषाद—‘वर्षों पुराना सपना साकार’

नगर पंचायत अध्यक्ष लुकेश्वरी निषाद ने कहा कि राजिम–छुरा क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से सड़क चौड़ीकरण की मांग रही है। उन्होंने कहा कि विधायक रोहित साहू के प्रयासों से आज इस कार्य का भूमिपूजन हुआ है। उन्होंने नगर एवं क्षेत्रवासियों की ओर से विधायक का आभार व्यक्त किया।

जनपद अध्यक्ष मीरा ठाकुर ने कहा कि विधायक रोहित साहू के कार्यकाल में क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली है। सड़क, पुल-पुलिया सहित विभिन्न क्षेत्रों में काम हो रहे हैं और राजिम–छुरा मार्ग का चौड़ीकरण इसी क्रम का महत्वपूर्ण कार्य है।

जिला पंचायत कृषि सभापति लेखराज ध्रुवा ने कहा कि क्षेत्र की पुरानी मांग अब धरातल पर उतर रही है। उन्होंने इसे विधायक रोहित साहू के प्रयासों से मिली सौगात बताया।

कार्यकर्ताओं की भीड़ ने दिखाया उत्साह

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर, जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू, जिला महामंत्री आशीष शर्मा, जिला मीडिया संयोजक अमित बखरिया, मंडल अध्यक्ष खोमन चंद्राकर, जिला पंचायत सभापति लेखराज ध्रुवा, नगर पंचायत अध्यक्ष लुकेश्वरी निषाद, जनपद अध्यक्ष मीरा ठाकुर, जिला सरपंच संघ अध्यक्ष हरीश साहू, महिला मोर्चा महामंत्री चित्ररेखा ध्रुव, फिंगेश्वर महाविद्यालय अध्यक्ष राजू साहू, खंडमा मंडल अध्यक्ष हेमंत सिन्हा, महामंत्री रामलाल कुलदीप, अशोक, यामिनी चंद्राकर, खीरमड़ी हरपाल, चन्द्रिका धीवर, गरिमा ध्रुव, थानसिंह निषाद, डोमार साहू, शाशक चंद्राकर, शंकर सेन, इमरान मेमन, विनय गुप्ता, बलराज पटेल, भोलेशंकर जायसवाल, संतोषी साहू, मीना चंद्राकर, तुलाराम साहू, मुगेश्वरी ठाकुर, धर्मेंद्र चंद्राकर, नरेंद्र पटेल, गणेशु साहू, अशोक करण टंडन, रजनी लहरे सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, व्यापारी एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

बारिश के बीच भूमिपूजन, सड़क पर बदलाव की उम्मीद

राजिम–छुरा मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण की शुरुआत को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सड़क परियोजना के रूप में देखा जा रहा है। जिस मार्ग पर अब तक गड्ढे और संकरी सड़क लोगों की परेशानी का कारण बने हुए थे, उसी मार्ग पर गुरुवार को विकास कार्य की नींव रखी गई। बारिश के बीच हुआ भूमिपूजन कार्यक्रम इस मायने में भी खास रहा कि मौसम की चुनौती के बावजूद कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को जोशीला बना दिया।

मुख्य खबरें