पीएम जनमन के सड़क निर्माण में गुणवत्ता पर सख्ती, कमियां मिलने पर नोटिस जारी करने के निर्देश,पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव श्री भीम सिंह ने गरियाबंद में सड़क-पुल निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण,कमार जनजाति के लोगों से किया संवाद

संवाददाता – अनीश सोलंकी
गरियाबंद / प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के अंतर्गत विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह कमार जनजाति की बसाहटों को बेहतर सड़क संपर्क एवं बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने के लिए जिले में सड़क और पुल निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ शासन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव तथा छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण के सह मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री भीम सिंह ने शुक्रवार को गरियाबंद जिले में पीएम जनमन योजना के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, निर्धारित मापदंडों के पालन और प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कमार जनजाति की बसाहटों को मुख्य मार्गों से जोड़ने वाली तीन सड़कों का अवलोकन किया। इनमें रक्सा से कमारपारा मार्ग की लंबाई 1.57 किलोमीटर, गुंडरदेही मुख्य मार्ग से कमारपारा -बामनदेही मार्ग की लंबाई 1.55 किलोमीटर तथा खैरझिटी से कमारपारा वाया भेंड्री मार्ग की लंबाई 1.95 किलोमीटर है। इन तीनों सड़कों की कुल लंबाई 5.07 किलोमीटर है। सचिव श्री भीम सिंह ने निर्माण कार्यों में उपयोग की जा रही सामग्री, सड़क की मोटाई, गुणवत्ता और कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा गुणवत्ता के मामले में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

रक्सा-कमारपारा सड़क में मिली कमियां, नोटिस जारी करने के निर्देश –
निरीक्षण के दौरान रक्सा से कमारपारा मार्ग के निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुधार की आवश्यकता पाई गई। इसके अलावा सड़क के दोनों किनारों पर बनाए जाने वाले शोल्डर की चौड़ाई भी निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं मिली। इस पर श्री भीम सिंह ने संबंधित सहायक अभियंता, उप अभियंता एवं ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क की गुणवत्ता और दोनों किनारों की चौड़ाई में तत्काल सुधार करने को कहा। वहीं गुंडरदेही मुख्य मार्ग से कमारपारा -बामनदेही तथा खैरझिटी से कमारपारा वाया भेंड्री मार्ग के निर्माण कार्यों की स्थिति संतोषजनक पाई गई।

30 मीटर लंबे वृहद पुल का किया निरीक्षण –
सड़क निरीक्षण के दौरान भेंड्री से खैरझिटी मार्ग पर आरडी 1350 मीटर पर निर्माणाधीन 30 मीटर लंबे वृहद पुल का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने पुल की नींव, संरचना और निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता की जांच की। इस पुल के निर्माण से बरसात के दौरान आवागमन में होने वाली कठिनाइयों को दूर करने में मदद मिलेगी। साथ ही आसपास के ग्रामीणों को वर्षभर सुगम सड़क संपर्क उपलब्ध हो सकेगा। श्री सिंह ने संबंधित अधिकारियों को पुल निर्माण में तकनीकी मानकों का पालन करने तथा गुणवत्ता के साथ समयबद्ध कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई में महिलाओं के कार्यों की सराहना –
निरीक्षण के अगले चरण में विकासखंड फिंगेश्वर के ग्राम देवरी में प्रज्ञा स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई का निरीक्षण किया गया। श्री भीम सिंह ने इकाई में प्लास्टिक कचरे के संग्रहण, प्रसंस्करण और प्रबंधन की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा कर इकाई के संचालन और कार्यप्रणाली के बारे में जाना। उन्होंने स्व-सहायता समूहों के माध्यम से आजीविका के अवसर बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता को प्रोत्साहित करने की इस पहल की सराहना की। उन्होंने इकाई के संचालन को व्यवस्थित रखने तथा अभिलेखों का उचित संधारण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
कमार जनजाति के लोगों से किया संवाद –
निरीक्षण के दौरान सचिव श्री भीम सिंह ने पीएम जनमन योजना के अंतर्गत लाभान्वित होने वाले कमार जनजाति के लोगों से सीधे संवाद किया। ग्रामीणों ने सड़क, पुल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी अपनी आवश्यकताओं एवं समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। श्री भीम सिंह ने कहा कि पीएम जनमन का उद्देश्य विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों की दूरस्थ बसाहटों को सड़क संपर्क सहित आवश्यक बुनियादी सुविधाओं से जोड़ना और उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता श्री बलवंत पटेल सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
