‘वंदे मातरम’ के जयघोष से गूंजा पिपरछेड़ी स्कूल, रोहित साहू ने विद्यार्थियों में भरा राष्ट्रभक्ति का जोश विधायक बोले—देशभक्ति केवल नारों तक सीमित नहीं, कर्तव्यों के ईमानदार निर्वहन में ही राष्ट्रसेवा की असली भावना

संवाददाता – अनीश सोलंकी 

छुरा :- शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिपरछेड़ी में शुक्रवार को आयोजित ‘वंदे मातरम’ कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति, उत्साह और देशप्रेम की भावना से सराबोर रहा। कार्यक्रम में राजिम विधायक रोहित साहू मुख्य रूप से शामिल हुए। विद्यालय पहुंचने पर शाला परिवार ने विधायक साहू का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से गूंज उठा।

कार्यक्रम में विधायक रोहित साहू के साथ भाजपा जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू, जिला पंचायत सभापति शिवांगी चतुर्वेदी एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष हेमंत सिन्हा भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

‘वंदे मातरम’ केवल उद्घोष नहीं, भारत माता के प्रति सम्मान का भाव

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि ‘वंदे मातरम’ केवल दो शब्द नहीं हैं, बल्कि यह भारत माता के प्रति सम्मान, समर्पण और गौरव की भावना का प्रतीक है। राष्ट्रभक्ति केवल नारों और आयोजनों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि हमारे विचार, व्यवहार और कर्म में दिखाई देनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि देश का भविष्य आज के विद्यार्थियों के हाथों में है। विद्यार्थी मन लगाकर पढ़ाई करने के साथ-साथ अनुशासन, संस्कार और ईमानदारी को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। अपने माता-पिता, गुरुजनों और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाना भी राष्ट्रसेवा का ही एक रूप है।

स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को याद करने का दिया संदेश

विधायक ने कहा कि भारत की आजादी असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। आज हम जिस स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं, उसके पीछे वीरों की कुर्बानियां हैं। इसलिए विद्यार्थियों को देश के इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों के योगदान को जानना चाहिए तथा संविधान के मूल्यों को समझना चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि गांव और छोटे शहरों से निकलने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थी भी अपनी मेहनत और लगन के दम पर देश-दुनिया में पहचान बना सकते हैं। लक्ष्य बड़ा हो, मेहनत निरंतर हो और मन में देश के लिए कुछ करने का संकल्प हो तो सफलता का रास्ता निश्चित रूप से बनता है।

‘भारत माता की जय’ से गूंज उठा विद्यालय परिसर

विधायक के संबोधन के बाद विद्यार्थियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ ‘वंदे मातरम’, ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत इस माहौल में विद्यालय परिसर लंबे समय तक देशभक्ति के जयघोष से गूंजता रहा। विद्यार्थियों में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

विधायक रोहित साहू ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में ऐसा कार्य करें, जिससे उनके माता-पिता, शिक्षक, गांव और क्षेत्र को उन पर गर्व हो। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य केवल शिक्षित युवाओं से नहीं, बल्कि शिक्षित, संस्कारवान, अनुशासित और जिम्मेदार युवाओं से मजबूत होगा।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और शाला परिवार रहा उपस्थित

कार्यक्रम में बीईओ के.एल. मतावले, बीआरसीसी महेश सिन्हा, एबीओ विनोद सिन्हा, गोविंद यादव, बूथ अध्यक्ष अर्जुन मरकाम, जोहतराम यादव, सुकलाल मरकाम, गिरवर पटेल ग्राम पटेल, तुलसी राम ध्रुव, चैतराम पटेल एवं विद्यालय के प्राचार्य जी.एल. नायक सहित शाला परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं, जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और उत्साह का माहौल बना रहा। विद्यार्थियों की जोशीली भागीदारी ने आयोजन को विशेष बना दिया।

मुख्य खबरें