3 साल से एक ही जगह जमे अफसरों की अब खैर नहीं! साय सरकार का बड़ा प्रशासनिक वार, अनिवार्य तबादलों से मचेगी हलचल,भाजपा मंडल उपाध्यक्ष रुपनाथ बंजारे बोले— तानाशाही, कमीशनखोरी और अफसरशाही पर लगेगी लगाम, जनता को मिलेगा पारदर्शी प्रशासन

 

छुरा। छत्तीसगढ़ की मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरकार ने सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने की दिशा में बड़ा और ऐतिहासिक प्रशासनिक फैसला लेते हुए तीन वर्ष या उससे अधिक समय से एक ही स्थान पर पदस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अनिवार्य तबादले का निर्णय लिया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार मंत्रालय से लेकर जिला कलेक्टर कार्यालयों सहित विभिन्न विभागों में लंबे समय से जमे अधिकारियों-कर्मचारियों को अब नई जगह पदस्थ किया जाएगा।
सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। आदेश के मुताबिक यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी को जनहित अथवा विशेष प्रशासनिक आवश्यकता के कारण उसी स्थान पर बनाए रखना आवश्यक हो, तो संबंधित विभाग को इसके लिए ठोस एवं लिखित कारण प्रस्तुत करने होंगे। बिना स्पष्ट कारण के किसी भी अधिकारी को एक ही स्थान पर लंबे समय तक बनाए रखने की अनुमति नहीं होगी।
भाजपा मंडल छुरा के उपाध्यक्ष एवं उप सरपंच संघ के अध्यक्ष रुपनाथ बंजारे ने सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे कुछ अधिकारियों में मनमानी, तानाशाही और अफसरशाही का रवैया बढ़ गया था। वर्षों तक एक ही सीट पर टिके रहने से भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और कार्यों में पारदर्शिता की कमी जैसी शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का यह निर्णय प्रशासनिक व्यवस्था में नई ऊर्जा और जवाबदेही लाएगा। अधिकारियों के नियमित स्थानांतरण से जनता के कार्य समय पर होंगे, शासकीय कार्यालयों में पारदर्शिता बढ़ेगी और भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार का यह कदम आम जनता और प्रशासन के बीच विश्वास को और मजबूत करेगा।
रुपनाथ बंजारे ने कहा कि प्रदेश सरकार का यह फैसला स्पष्ट संदेश देता है कि अब प्रशासन में सुशासन, जवाबदेही और जनहित सर्वोपरि रहेगा। लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे अधिकारियों के तबादलों से विभागों में नई कार्य संस्कृति विकसित होगी तथा जनता को अधिक पारदर्शी और प्रभावी प्रशासनिक सेवाएं मिल सकेंगी।

मुख्य खबरें