ओडिशा से छत्तीसगढ़ में धान की अवैध घुसपैठ शुरू! कलेक्टर रणवीर शर्मा सख्त, तस्करों पर शिकंजा कसने अधिकारियों को दो टूक निर्देश,,समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू होते ही सक्रिय हुए धान के अवैध कारोबारी, सीमा क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और अवैध परिवहन पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

 

रिपोर्टर :- अनीश सोलंकी 

गरियाबंद :-छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही ओडिशा सीमा से लगे इलाकों में धान की अवैध तस्करी की आशंका बढ़ गई है। दूसरे प्रदेशों से सस्ते दामों पर धान खरीदकर छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर खपाने के लिए अवैध परिवहन का खेल शुरू होने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। धान के अवैध परिवहन और तस्करी पर लगाम लगाने के लिए गरियाबंद कलेक्टर रणवीर शर्मा ने सख्त रुख अपनाते हुए जिले के संबंधित अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शासन की एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसका लाभ वास्तविक किसानों को मिलना चाहिए। लेकिन हर खरीदी सीजन में सीमावर्ती क्षेत्रों से दूसरे राज्यों का धान छत्तीसगढ़ में खपाने की आशंका बनी रहती है। इस अवैध कारोबार के चलते जहां शासन को आर्थिक नुकसान हो सकता है, वहीं वास्तविक किसानों के हक पर भी डाका पड़ने की आशंका रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने अवैध धान परिवहन पर रोक लगाने के लिए निगरानी और कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर रणवीर शर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले के ओडिशा सीमा से लगे क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। सीमावर्ती मार्गों से आने-जाने वाले धान से लदे वाहनों पर निगरानी रखी जाए तथा बिना वैध दस्तावेजों के धान का परिवहन करते पाए जाने पर नियमानुसार तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सीमावर्ती क्षेत्रों में प्रशासन की अग्निपरीक्षा

गरियाबंद जिला ओडिशा की सीमा से लगा होने के कारण धान की अवैध तस्करी रोकना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती है। खासकर सीमावर्ती गांवों और अंदरूनी मार्गों से होने वाले परिवहन पर प्रभावी निगरानी जरूरी है। केवल आदेश जारी करने से तस्करी पर अंकुश नहीं लगेगा, बल्कि मैदानी स्तर पर नियमित जांच, वाहनों की धरपकड़ और दोषियों पर ठोस कार्रवाई भी आवश्यक है।

अब देखने वाली बात होगी कि कलेक्टर के सख्त निर्देश के बाद संबंधित विभाग के अधिकारी कितनी तत्परता से मैदान में उतरते हैं और ओडिशा सीमा से होने वाले अवैध धान परिवहन पर कितना प्रभावी अंकुश लगा पाते हैं। प्रशासन की असली परीक्षा अब कार्रवाई के धरातल पर होगी।

मुख्य खबरें