गरियाबंद में नन्हे रोज़दारों का सम्मान समारोह, बच्चों के जज़्बे ने जीता दिल समाज द्वारा बच्चो का किया गया सम्मान

रिपोर्टर – अनीश सोलंकी
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ आल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वाधान में नगर के मुस्लिम जमातखाने में नन्हे रोज़दारों के हौसला अफजाई के लिए एक प्रेरणादायक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में बच्चे और उनके पालक शामिल हुए।
कार्यक्रम में वे बच्चे विशेष आकर्षण का केंद्र रहे, जिन्होंने पवित्र रमज़ान माह में रोज़े रखे थे। ऐसे 130 से अधिक नन्हे रोज़दारों को रायपुर संभाग अध्यक्ष मोहम्मद असलम अशरफी के हाथों प्रशस्ति पत्र, शील्ड और उपहार स्वरूप पेंसिल बॉक्स प्रदान कर सम्मानित किया गया।
5 अप्रैल, रविवार सुबह 11 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में गरियाबंद मुस्लिम जमात के सहयोग से आयोजन को भव्य रूप दिया गया। बच्चों के जज़्बे और अनुशासन की सराहना करते हुए अतिथियों ने उनके उज्जवल भविष्य की कामना की और उन्हें मुबारकबाद दी।
कार्यक्रम में चार वर्षीय नन्ही बच्ची ज़ारा फातिमा भी विशेष आकर्षण रहीं, जिन्होंने रमज़ान के चार रोज़े रखकर सभी को प्रेरित किया। उनके साहस और लगन को देखते हुए उन्हें भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मोहम्मद असलम अशरफी ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों का हौसला बढ़ाना और उन्हें शिक्षा के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने पालकों से अपील करते हुए कहा कि “एक रोटी कम खाएं, लेकिन अपने बच्चों को उच्च शिक्षा जरूर दिलाएं।”
कार्यक्रम के समापन पर कमेटी द्वारा सभी उपस्थित लोगों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई। पूरे आयोजन में उत्साह, प्रेरणा और सामाजिक एकता का माहौल देखने को मिला, जहां नन्हे रोज़दारों के जज़्बे को खुले दिल से सराहा गया।
