सेवा सेतु पोर्टल से आसान होंगी सरकारी सेवाएं, सुविधा केंद्र संचालकों को मिला प्रशिक्षण,,आय, जाति, निवास और विवाह प्रमाण पत्र सहित कई सेवाओं की आवेदन प्रक्रिया समझाई गई

संवाददाता -अनीश सोलंकी
गरियाबंद। शासकीय सेवाओं का लाभ आम नागरिकों तक आसानी से पहुंचाने के लिए सेवा सेतु पोर्टल की आवेदन प्रक्रिया पर एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। जिला पंचायत सभाकक्ष में कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र संचालकों और सीएससी वीएलवी को पोर्टल पर उपलब्ध सेवाओं तथा आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती ऋषा ठाकुर ने प्रशिक्षणार्थियों को आवश्यक मार्गदर्शन दिया। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गौरी शंकर कश्यप ने कहा कि नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ सरल और सुगम तरीके से उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण है।
ई-जिला प्रबंधक श्री मिथिलेश देवांगन ने सेवा सेतु पोर्टल पर उपलब्ध सेवाओं, आवेदन करने की प्रक्रिया और संबंधित कार्यों के निष्पादन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण में आय, मूल निवास और जाति प्रमाण पत्र, नाम परिवर्तन के लिए राजपत्र में प्रकाशन, विवाह प्रमाण पत्र, भवन अनुज्ञा तथा श्रम कार्ड संशोधन सहित विभिन्न सेवाओं के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया समझाई गई।
प्रशिक्षणार्थियों को आवेदन प्रक्रिया सही तरीके से पूरी करने और आम नागरिकों को आवश्यक सहयोग देने के संबंध में भी जानकारी दी गई। शिविर का उद्देश्य सुविधा केंद्र संचालकों की कार्यक्षमता बढ़ाकर नागरिकों को डिजिटल माध्यम से शासकीय सेवाओं का लाभ लेने में सहायता उपलब्ध कराना रहा।
इस अवसर पर श्रम पदाधिकारी श्रीमती जयंती बंसल, जिला आधार समन्वयक श्री नीतीश सिन्हा, जिला सीएससी समन्वयक श्री परमानंद साहू और तकनीकी प्रबंधक श्रीमती खिलेश्वरी साहू सहित संबंधित अधिकारी एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।
