होली पर गरियाबंद पुलिस की सख्त चेतावनी — नशे में ड्राइविंग और मुखौटा पहनने पर रहेगी कड़ी नजर

छुरा :- रंगों के पावन पर्व होली को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और उल्लासपूर्ण बनाने के उद्देश्य से गरियाबंद जिला पुलिस ने विशेष जागरूकता पोस्टर जारी कर जिलेवासियों से जिम्मेदारी के साथ त्योहार मनाने की अपील की है। पोस्टर के माध्यम से पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि “नशे में वाहन न चलाएं” और “होली पर मुखौटे न पहनें”, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस द्वारा जारी पोस्टर में दर्शाया गया है कि शराब पीकर वाहन चलाना सीधे तौर पर दुर्घटना, मौत और पछतावे को न्योता देना है। होली के जश्न में अक्सर लोग लापरवाही कर बैठते हैं, जिससे सड़क हादसे बढ़ जाते हैं। इसी को देखते हुए पुलिस ने चेताया है कि नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही होली पर मुखौटा पहनने को लेकर भी पुलिस ने सतर्क किया है। पोस्टर में बताया गया है कि चेहरे को छिपाकर असामाजिक तत्व चोरी, लूट या छेड़छाड़ जैसी घटनाओं को अंजाम दे सकते हैं। इसलिए आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे बिना मुखौटे के होली खेलें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
गरियाबंद पुलिस ने संदेश दिया है — “सुरक्षित होली, खुशहाल होली”। साथ ही यातायात नियमों का पालन करने, तेज रफ्तार से बचने, दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने की सख्त हिदायत दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में जगह-जगह चेकिंग पॉइंट लगाए जाएंगे, पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी ताकि होली का त्योहार सौहार्द और भाईचारे के साथ संपन्न हो सके।
गरियाबंद पुलिस ने अंत में जिलेवासियों से अपील की है कि होली खुशियों का पर्व है, इसे जिम्मेदारी के साथ मनाएं। अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता दें, क्योंकि “जिंदगी अनमोल है, इसे जोखिम में न डालें।”

मुख्य खबरें