कलेक्टर बीएस उइके ने दिए विभागों को आवश्यक निर्देश शासन की प्राथमिक योजनाओं, शिकायतों व विकास कार्यों की हुई व्यापक समीक्षा

रिपोर्टर :- अनीश सोलंकी
गरियाबंद:– कलेक्टर श्री बीएस उइके की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर विभागवार विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्रीमती ऋषा ठाकुर सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं, लंबित प्रकरणों एवं विभागीय गतिविधियों की जानकारी लेकर समीक्षा करते हुए कार्यों में और तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने ई-ऑफिस एवं ईएचआरएसएस की प्रगति की समीक्षा की। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी विभाग अपने-अपने कार्यों को अधिकतम ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से करें, जिससे कार्य करने में आसानी एवं पारदर्शिता हो। उन्होंने अधीनस्थ कार्यालयों तक आवश्यक सूचनाओं का समय पर भेजने को कहा। साथ ही जिन अधिकारियों, कर्मचारियो एवं की ईमेल आईडी अभी तक सक्रिय नहीं है, उन्हें तत्काल सक्रिय कराने के निर्देश दिए गए। राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को ई-गवर्नेंस पोर्टल पर अनिवार्य प्रशिक्षण पूर्ण करने के लिए भी कहा गया, ताकि डिजिटल प्रणाली का अच्छा उपयोग किया जा सके।
कलेक्टर ने आगामी वित्तीय वर्ष के लिए सभी विभागों को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता के साथ समय-सीमा का पालन करना अत्यंत आवश्यक है। जन शिकायतों के निराकरण पर जोर देते हुए उन्होंने वेब पोर्टल पर लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही हाईकोर्ट द्वारा दिए गए निर्देशों का समय-सीमा में पालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी पूर्वक कार्य करने को कहा। ई-मॉनिटरिंग प्रणाली के माध्यम से सभी विभागों को नियमित समीक्षा करने और प्रगति अद्यतन करने के निर्देश भी दिए गए। नगर निकायों से संबंधित विषयों की समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री स्वनिधी योजना की प्रगति की जानकारी ली गई तथा पात्र हितग्राहियों को अधिकाधिक लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए। नगर पालिका अधिनियम के तहत अवैध प्लाटिंग पर सख्त कार्रवाई करने तथा अनियमितताओं पर नियंत्रण सुनिश्चित करने को कहा गया। शहरी क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने और मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया गया। छिंद तालाब के सौंदर्यीकरण, तालाब के गंदे पानी की सफाई एवं मेढ़ चौड़ीकरण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए, जिससे आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सके।
पर्यटन विकास की दिशा में तौरेंगा में नौकायन गतिविधियों को प्रोत्साहित करने, सिकासेर में पर्यटन अधोसंरचना निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा जिले में नए पर्यटन स्थलों की पहचान कर उनके विकास की योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने से स्थानीय रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान खाद एवं बीज की उपलब्धता की स्थिति की जानकारी ली गई। किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज उपलब्ध कराने तथा केसीसी लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत अधिक से अधिक हितग्राहियों को जोड़ने और जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
शिक्षा विभाग की समीक्षा में अपार आईडी निर्माण, संस्थागत गतिविधियों की प्रगति तथा कार्य पूर्ण होने के बाद समय पर ऑनलाइन एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि 15 वर्ष की बालिकाओं में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए विशेष टीकाकरण अभियान संचालित किया जाए तथा प्रतिदिन टीकाकरण की प्रगति की निगरानी की जाए। इस अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक टीमों का गठन कर उन्हें मैदानी स्तर पर सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए। बैठक के अंत में कलेक्टर श्री बीएस उइके ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए जिले के विकास के लिए बेहतर कार्य करे।
