सूखा नदी में रेत माफियाओं पर प्रशासन का धावा! दो ट्रैक्टर रंगेहाथ पकड़ाए, फरार ट्रैक्टर मालिक कुछ घंटे बाद खाली ट्रैक्टर लेकर थाने पहुंचा!…तहसीलदार अवंतिका गुप्ता की सुबह-सुबह दबिश से मचा हड़कंप, अवैध रेत से भरा ट्रैक्टर लेकर भागने के बाद खाली वाहन के साथ थाने पहुंचने की चर्चा; आखिर रेत कहां गई, जांच का विषय!

 

रिपोर्टर ,, अनीश सोलंकी 

छुरा :- छुरा नगर से लगे सूखा नदी में लंबे समय से चल रहे कथित अवैध रेत उत्खनन के कारोबार पर आखिरकार राजस्व विभाग ने सुबह-सुबह धावा बोल दिया। शुक्रवार तड़के छुरा तहसीलदार अवंतिका गुप्ता के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने नदी घाट पर औचक छापेमारी की। प्रशासन की अचानक हुई इस कार्रवाई से अवैध रेत उत्खनन में लगे लोगों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान नदी में रेत लोड करते हुए दो ट्रैक्टरों को टीम ने मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि एक अन्य ट्रैक्टर चालक रेत से भरा ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया।

लेकिन इस पूरे घटनाक्रम में सबसे चौंकाने वाली बात कार्रवाई के कुछ घंटे बाद सामने आई। बताया जा रहा है कि फरार हुआ ट्रैक्टर मालिक कुछ घंटों बाद खाली ट्रैक्टर लेकर थाने पहुंच गया। अब सवाल यह उठ रहा है कि जिस ट्रैक्टर के नदी से रेत लेकर फरार होने की जानकारी सामने आई थी, वह कुछ ही घंटों में खाली कैसे हो गया? ट्रैक्टर में लोड रेत आखिर कहां गई? क्या रास्ते में रेत को कहीं खाली कर दिया गया या फिर इस पूरे मामले में कोई दूसरी कहानी है? इन सवालों का जवाब जांच के बाद ही सामने आएगा।

रेत से भरा ट्रैक्टर फरार, कुछ घंटे बाद खाली वाहन लेकर पहुंचा थाने!

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सुबह तड़के जब तहसीलदार अवंतिका गुप्ता की टीम सूखा नदी पहुंची, उस समय नदी में ट्रैक्टरों के माध्यम से रेत लोड की जा रही थी। टीम ने मौके पर दो ट्रैक्टरों को पकड़ लिया। इसी दौरान एक अन्य ट्रैक्टर चालक कथित तौर पर दूसरी चाबी लगाकर ट्रैक्टर चालू करने में सफल रहा और रेत से भरा ट्रैक्टर लेकर वहां से फरार हो गया।

इस घटनाक्रम के बाद कुछ घंटों में फरार ट्रैक्टर मालिक का खाली ट्रैक्टर लेकर थाने पहुंचना चर्चा का विषय बन गया है। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि फरार ट्रैक्टर की चाबी तहसीलदार के पास ही रह गई थी और चालक दूसरी चाबी से वाहन लेकर भागा था। हालांकि इन घटनाओं की आधिकारिक पुष्टि और रेत को कहां खाली किया गया, इसकी जानकारी सामने आना बाकी है।

अब सवाल यह है कि यदि ट्रैक्टर रेत से भरा हुआ था तो थाने पहुंचते-पहुंचते वह खाली कैसे हो गया? क्या ट्रैक्टर में लदी रेत को कहीं बेच दिया गया या किसी अन्य स्थान पर खाली किया गया? प्रशासन को इस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

तहसील कार्यालय से महज दो किलोमीटर दूर चल रहा था रेत का खेल!

सूखा नदी में अवैध रेत उत्खनन का मामला कोई नया नहीं है। स्थानीय लोगों के अनुसार नदी में सुबह तड़के से ही ट्रैक्टरों की आवाजाही शुरू हो जाती है और रेत निकालने का सिलसिला लंबे समय तक चलता रहता है। ट्रैक्टरों के माध्यम से नदी से रेत निकालकर परिवहन किए जाने की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं।

सबसे हैरानी की बात यह है कि जिस नदी घाट पर कथित अवैध उत्खनन की शिकायतें हैं, वह तहसील एवं एसडीएम कार्यालय से महज दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। मुख्य मार्ग से प्रतिदिन अधिकारी-कर्मचारियों और आम नागरिकों का आना-जाना लगा रहता है। इसके बावजूद यदि लंबे समय से नदी में अवैध उत्खनन हो रहा था तो सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर जिम्मेदार विभागों की निगरानी व्यवस्था कहां थी?

क्या विभाग को इस गतिविधि की जानकारी नहीं थी या फिर नियमित निगरानी का अभाव था? इन सवालों पर भी प्रशासन को जवाब देना होगा।

दो ट्रैक्टर पकड़ना काफी नहीं, रेत की पूरी कहानी सामने लाना जरूरी!

तहसीलदार अवंतिका गुप्ता की कार्रवाई के बाद अब इस पूरे मामले में कई अहम बिंदुओं पर जांच की जरूरत है। नदी से रेत निकालने वाले ट्रैक्टर किन लोगों के हैं? फरार ट्रैक्टर में कितनी रेत लोड थी? वह रेत कहां खाली की गई? क्या उसका अवैध परिवहन और बिक्री की जा रही थी? और सबसे महत्वपूर्ण बात यह कि फरार ट्रैक्टर मालिक के खाली वाहन लेकर थाने पहुंचने के बाद विभाग ने क्या कार्रवाई की?

इन सभी सवालों का जवाब सामने आना चाहिए। राजस्व विभाग को पकड़े गए दोनों ट्रैक्टरों के साथ फरार ट्रैक्टर के घटनाक्रम की भी जांच करनी चाहिए। यदि रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन प्रमाणित होता है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

कार्रवाई के बाद फिर शुरू न हो जाए पुराना खेल!

सूखा नदी में रेत उत्खनन को लेकर लंबे समय से उठ रहे सवालों के बीच तहसीलदार की यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। लेकिन क्षेत्रवासियों की मांग है कि कार्रवाई केवल एक दिन की औपचारिकता बनकर न रह जाए। नदी घाट पर नियमित निगरानी हो और अवैध उत्खनन में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाए।

नदी से अवैध रूप से रेत निकालने से शासन को राजस्व की क्षति होने के साथ नदी के प्राकृतिक स्वरूप और पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ऐसे में प्रशासन को पूरे मामले की तह तक पहुंचना होगा।

फिलहाल दो ट्रैक्टरों की जब्ती और फरार ट्रैक्टर मालिक के कुछ घंटे बाद खाली वाहन लेकर थाने पहुंचने का घटनाक्रम क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना यह है कि राजस्व विभाग इस मामले में केवल पकड़े गए ट्रैक्टरों तक कार्रवाई सीमित रखता है या फिर फरार ट्रैक्टर, गायब रेत और इसके पीछे चल रहे पूरे कथित नेटवर्क की भी जांच करता है।

सबसे बड़ा सवाल यही है कि नदी से रेत भरकर फरार हुआ ट्रैक्टर जब कुछ घंटे बाद खाली हालत में थाने पहुंचा, तो उसकी रेत आखिर गई कहां? इस सवाल का जवाब सामने आना जरूरी है।

मुख्य खबरें