दीपावली की खुशियां मनाने रायपुर से गांव लौट रहा परिवार महानदी में समाया, एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत से पसौद गांव में पसरा मातम….आखिरी बार रात 11 बजे हुई थी परिजनों से बात, घर पहुंचने की राह देख रहा था परिवार, कुछ ही देर बाद मिली चार जिंदगियां खत्म होने की खबर
रिपोर्टर – अनीश सोलंकी
गरियाबंद। दीपावली का त्योहार एक परिवार के लिए ऐसी कभी न भूलने वाली त्रासदी बन गया, जिसने पूरे गांव की खुशियों को मातम में बदल दिया। जिस घर में अपनों के लौटने का बेसब्री से इंतजार हो रहा था, वहां कुछ ही देर बाद चीख-पुकार और आंसुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। दीपावली की खुशियां मनाकर रायपुर से अपने गृहग्राम लौट रहा एक पूरा परिवार रास्ते में ही मौत के आगोश में समा गया। महानदी के टीला एनीकट में कार अनियंत्रित होकर पानी में जा गिरी। इस भीषण हादसे में पति-पत्नी और उनके जवान बेटे-बेटी समेत एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पसौद निवासी शीतल साहू (44 वर्ष) अपनी पत्नी भारती साहू, 19 वर्षीय बेटे विकास साहू और 21 वर्षीय बेटी पूर्वा साहू के साथ रायपुर में दीपावली का त्योहार मनाने के बाद रात में अपने गांव पसौद लौट रहे थे। परिवार के सभी सदस्य त्योहार की खुशियां समेटे अपने घर की ओर रवाना हुए थे। इधर गांव में परिजन उनके सुरक्षित घर पहुंचने की राह देख रहे थे। किसी को जरा भी अंदाजा नहीं था कि अपनों से मिलने की यह यात्रा जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगी।

रात 11 बजे हुई आखिरी बातचीत, फिर फोन के इंतजार में रह गए परिजन
बताया जा रहा है कि रात करीब 11 बजे शीतल साहू की परिजनों से फोन पर आखिरी बार बातचीत हुई थी। इसके बाद परिवार के लोग उनके गांव पहुंचने का इंतजार करते रहे। घर में अपनों के स्वागत और त्योहार की खुशियों का माहौल था, लेकिन कुछ ही समय बाद एक ऐसी खबर पहुंची जिसने पूरे परिवार की दुनिया उजाड़ दी। जिस परिवार के चार सदस्यों के लौटने का इंतजार था, उनके एक साथ दुनिया छोड़ देने की खबर ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया।

टीला एनीकट के पास काल बनकर आया हादसा, महानदी में समा गई कार
यह दर्दनाक हादसा गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र अंतर्गत चंपारण चौकी के टीला एनीकट के पास होना बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, कार अनियंत्रित होकर एनीकट से नीचे महानदी के पानी में जा गिरी। देखते ही देखते दीपावली की खुशियों के साथ घर लौट रहा पूरा परिवार जल समाधि ले बैठा। हादसे में शीतल साहू, उनकी पत्नी भारती साहू, बेटे विकास साहू और बेटी पूर्वा साहू की जान चली गई।
चार अर्थियां उठने की खबर से पसौद गांव में पसरा सन्नाटा
एक ही परिवार के चार सदस्यों की असमय मौत ने ग्राम पसौद को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिस गांव में दीपावली के अवसर पर उत्साह और उल्लास का माहौल था, वहां अब मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार के रिश्तेदारों, परिचितों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए। हर आंख नम है और हर जुबां पर इसी हादसे की चर्चा है।
पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने चारों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। आखिर कार किस परिस्थिति में अनियंत्रित होकर एनीकट से महानदी में गिरी, वाहन चालक का नियंत्रण कैसे बिगड़ा और हादसे के पीछे क्या वजह रही, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना का वास्तविक कारण पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
दीपावली पर घर लौटने की उम्मीद थी, लेकिन चारों की एक साथ उठी अर्थी ने पूरे गांव को रुला दिया! जिस परिवार के साथ मिलकर त्योहार मनाने की तैयारी थी, उसी परिवार के चार सदस्यों की एक साथ मौत ने ऐसी रिक्तता छोड़ दी है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती। यह हादसा पूरे क्षेत्र के लिए एक ऐसी हृदयविदारक घटना बन गया है, जिसे लंबे समय तक भुला पाना मुश्किल होगा।
