गांधी मैदान में उमड़ा आस्था और उत्साह का सैलाब, रास गरबा में झूम उठा गरियाबंद,,विधायक रोहित साहू ने की आयोजन समिति की सराहना, ज्योति कक्ष और अतिरिक्त कक्ष के लिए राशि देने की घोषणा

संवाददाता – अनीश सोलंकी

गरियाबंद। गांधी मैदान गरियाबंद में श्री सार्वजनिक नवदुर्गा उत्सव समिति द्वारा आयोजित भव्य रास गरबा उत्सव में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। बड़ी संख्या में उमड़े श्रद्धालुओं और गरबा प्रेमियों के उत्साह ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया। कार्यक्रम में राजिम विधायक रोहित साहू शामिल हुए। उन्होंने क्षेत्रवासियों को नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं देते हुए आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की और समिति की मांग पर रंगमंच के समीप ज्योति कक्ष एवं अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए स्टीमेट के अनुसार राशि प्रदान करने की घोषणा की।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर, नगर पंचायत अध्यक्ष रिखी यादव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लालिमा पारस ठाकुर, नगर पंचायत उपाध्यक्ष आसिफ मेमन, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुमित पारख, जिला मंत्री सुरेन्द्र सोनटेके, जिला महामंत्री आशीष शर्मा, पार्षद बिंदु सिन्हा, पार्षद पुष्पा साहू, प्रकाश रोहरा, मनोज खरे, कुलेश्वर सोनवानी, युवराज साहू, पार्षद सूरज सिन्हा और भाजपा नेता सागर मयाणी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

रास गरबा हमारी आस्था और संस्कृति की पहचान : रोहित साहू

उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि रास गरबा केवल नृत्य और मनोरंजन का आयोजन नहीं, बल्कि हमारी धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करते हैं तथा नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं।

उन्होंने कहा कि गांधी मैदान में उमड़ी भीड़ और श्रद्धालुओं का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि गरियाबंद में धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के प्रति लोगों की गहरी आस्था है। इतने बड़े स्तर पर आयोजन को सफल बनाना समिति के सदस्यों की मेहनत, समर्पण और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने आयोजन समिति के सभी सदस्यों को बधाई देते हुए मां दुर्गा से सभी क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

समिति की मांग पर विधायक की घोषणा, सुविधाओं को मिलेगा विस्तार

रास गरबा उत्सव के दौरान आयोजन समिति ने रंगमंच के समीप ज्योति कक्ष और अतिरिक्त कक्ष की आवश्यकता रखी। इस पर विधायक रोहित साहू ने सकारात्मक पहल करते हुए स्टीमेट के अनुसार निर्माण कार्य के लिए राशि प्रदान करने की घोषणा की। इस घोषणा से समिति की गतिविधियों के संचालन और धार्मिक आयोजनों के लिए आवश्यक सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद जगी है।

विधायक ने नवरात्रि पर्व को श्रद्धा, उत्साह और आपसी सौहार्द के साथ मनाने का संदेश देते हुए कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज को एक सूत्र में पिरोने का काम करते हैं।

आयोजन में समिति पदाधिकारियों की रही सक्रिय भूमिका

इस अवसर पर रास गरबा उत्सव समिति के संदीप सरकार, गैदलाल सिन्हा, ऐश्वर्या यदु, संजू साहू, उत्तम सोनी, मुकेश पांडे, रितेश ताण्डी, रमन कुकरेजा, जालेश सेन, नारायण सारथी सहित समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित इस कार्यक्रम ने गरियाबंद की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं की जीवंत झलक प्रस्तुत की।

मुख्य खबरें