बच्चों की प्रतिभा ही विकसित भारत की ताकत’, भाषण-चित्रकला प्रतियोगिता में अध्यक्ष लुकेश्वरी निषाद ने बढ़ाया विद्यार्थियों का हौसला,,सेवा, शिक्षा, संस्कार और संकल्प के साथ विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका को बताया अहम — लुकेश्वरी निषाद

 

संवाददाता :- अनीश सोलंकी 

छुरा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित विकासखंड स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता में नगर पंचायत छुरा की अध्यक्ष श्रीमती लुकेश्वरी थानसिंग निषाद शामिल हुईं। प्रतियोगिता में विकासखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे विद्यार्थियों ने भाषण एवं चित्रकला के माध्यम से अपनी प्रतिभा, रचनात्मक सोच और भविष्य के भारत की कल्पना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में पहुंचीं नगर पंचायत अध्यक्ष लुकेश्वरी निषाद ने प्रतिभागी विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और उनकी प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा, कल्पनाशीलता और रचनात्मक सोच ही देश के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। मंच पर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विचारों और चित्रों में देश के विकास, शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण, सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना दिखाई दी।

अध्यक्ष लुकेश्वरी निषाद ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प केवल सरकार का संकल्प नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। इस लक्ष्य को हासिल करने में आज के विद्यार्थी और युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रहें, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व को भी समझें।

उन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि सेवा की भावना, बेहतर शिक्षा, संस्कार और मजबूत संकल्प के साथ युवा पीढ़ी देश को नई दिशा दे सकती है। आज प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाला प्रत्येक विद्यार्थी कल समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा सकता है।

नगर पंचायत अध्यक्ष ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रतियोगिता में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण अपनी प्रतिभा को पहचानना, उसे निखारना और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने लक्ष्य को लेकर निरंतर मेहनत करें और अपने माता-पिता, गुरुजनों तथा क्षेत्र का नाम रोशन करें।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने अपने विचारों के माध्यम से देश के विकास और नागरिक कर्तव्यों पर अपनी बात रखी, वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में रंगों और कल्पनाओं के जरिए विकसित भारत की तस्वीर उकेरी गई। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण से जुड़ने का अवसर भी प्रदान किया।

अध्यक्ष लुकेश्वरी निषाद ने कहा कि आज के बच्चे ही कल के भारत की दिशा और दशा तय करेंगे। इसलिए बच्चों को अवसर देना, उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और उन्हें सही मार्गदर्शन देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान जैसे आयोजनों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।

मुख्य खबरें