मैनपुर में गूंजा ‘सेवा संकल्प’ का संदेश, हर घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दिया’ भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश, 17 सितंबर को जनभागीदारी के साथ प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिवस मनाने का आह्वान

संवाददाता – अनीश सोलंकी
मैनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा, समर्पण और जनभागीदारी के रूप में मनाने भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ ने अब गांव-गांव दस्तक देना शुरू कर दिया है। अभियान को लेकर भाजपा जिला गरियाबंद के अध्यक्ष अनिल चंद्राकर बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा के दो दिवसीय प्रवास पर हैं। इसी क्रम में सोमवार को उनका मैनपुर पहुंचना हुआ, जहां भाजपा मंडल मैनपुर के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने उनसे भेंट की।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं के साथ अभियान की तैयारियों, संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को ‘आशीर्वाद का दिया’ भेंट करते हुए 17 सितंबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर हर घर आशीर्वाद का दिया जलाने का आह्वान किया।
‘उत्सव नहीं, सेवा और संकल्प का अवसर’
भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा एवं राष्ट्रसेवा की यात्रा देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके जन्मदिवस को केवल उत्सव के रूप में मनाने के बजाय सेवा, समर्पण, जनकल्याण और राष्ट्रनिर्माण की भावना के साथ मनाना प्रत्येक कार्यकर्ता का संकल्प होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दिया’ केवल एक दीपक नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री के प्रति जनता के स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद का प्रतीक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक परिवारों को इससे जोड़ने की अपील की।
हर घर तक पहुंचेगा सेवा संकल्प का संदेश
चंद्राकर ने कार्यकर्ताओं को संगठन की ताकत का मंत्र देते हुए कहा कि भाजपा की शक्ति उसके सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं में निहित है। जब संगठन के कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर सेवा और जनभागीदारी का संदेश पहुंचाते हैं, तब अभियान एक कार्यक्रम न रहकर जनआंदोलन का रूप ले लेता है।
उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को अधिक से अधिक घरों में ‘आशीर्वाद का दिया’ प्रज्वलित हो और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जनता का स्नेह एवं आशीर्वाद व्यक्त हो, इसके लिए सभी कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ जुटें।
मैनपुर प्रवास के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में भी अभियान को लेकर उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने अभियान को सफल बनाने के लिए जनसंपर्क और अधिकाधिक परिवारों को जोड़ने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला मंत्री सुरेन्द्र सोनटेके, मंडल अध्यक्ष संतोष यादव, जिला महामंत्री युवा मोर्चा नंदकिशोर चौबे, दिनेश सचदेव, घनश्याम मरकाम, रितेश यादव, मनोज निर्मलकर, हरीश यादव, रोहित नायक सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
