आदिवासी समाज की एकता और संगठन शक्ति बनी मिसाल, विधायक रोहित साहू ने कहा—“संगठित समाज को कोई हरा या डरा नहीं सकता”,खोपलीपाठ में धूमधाम से मना विश्व आदिवासी दिवस एवं लोकार्पण समारोह, समाज के मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

रिपोर्टर – अनीश सोलंकी 
छुरा। धार्मिक एवं पर्यटन स्थल खोपलीपाठ में रविवार को आदिवासी कंवर पैकरा समाज द्वारा विश्व आदिवासी दिवस एवं लोकार्पण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज की एकजुटता, समृद्ध संस्कृति और परंपराओं की शानदार झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए।

अतिथियों का बाजे-गाजे के साथ आत्मीय स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजिम विधायक रोहित साहू तथा अध्यक्षता पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत गरियाबंद के कृषि सभापति लेखराज ध्रुवा, जनपद पंचायत छुरा अध्यक्ष मीरा ठाकुर, आदिवासी कंवर पैकरा समाज कोसमबुड़ा के केंद्रीय अध्यक्ष दीनदयाल कंवर, भाजपा जिला महामंत्री चन्द्रशेखर साहू, अनुसूचित जनजाति मोर्चा अध्यक्ष सियाराम ध्रुव, भाजपा मंडल खड़मा अध्यक्ष हेमंत सिन्हा सहित समाज एवं क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

सभा को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि कंवर समाज द्वारा आयोजित विश्व आदिवासी दिवस कार्यक्रम में लगातार तीसरे वर्ष समाज के बीच उपस्थित होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि यह समाज का स्नेह और आशीर्वाद है।

विधायक ने कहा, “आदिवासी समाज अपनी संगठन शक्ति, एकता और भाईचारे के लिए जाना-पहचाना जाता है। सभी समाजों को आदिवासी समाज से एकता की सीख लेनी चाहिए। संगठित समाज को कोई हरा या डरा नहीं सकता।” उन्होंने आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और जीवनशैली को पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

उन्होंने कहा कि आज कंवर समाज का बेटा छत्तीसगढ़ का मुख्यमंत्री है और देश की राष्ट्रपति भी आदिवासी समाज से हैं, यह पूरे समाज के लिए गर्व की बात है। विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार आदिवासी, गरीब और जरूरतमंद परिवारों के हित में लगातार काम कर रही है तथा गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने का कार्य तेजी से चल रहा है।

विधायक रोहित साहू ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्षों पुरानी मांग कोटरीनाला जलाशय के लिए 22 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है और निर्माण कार्य जारी है। इससे क्षेत्र के किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल-पुलिया, बिजली सहित मूलभूत सुविधाओं के लिए लगातार राशि स्वीकृत कर विकास कार्यों को गति दी जा रही है।

उन्होंने दोहराया कि राजिम विधानसभा क्षेत्र का विकास उनकी पहली प्राथमिकता है।ग्रामीणों की मांग पर विधायक ने ग्राम भैरा नवापारा में 10 लाख रुपये की लागत से टिनशेड निर्माण कराने की घोषणा भी की।

शहीद लालसाय मांझी के बलिदान को इतिहास में उचित स्थान देने की मांग

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू ने आदिवासी समाज के वीर शहीदों के इतिहास और बलिदान को सामने लाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लालसाय मांझी आदिवासी समाज के वीर शहीद थे, लेकिन इतिहास में उनके बलिदान को वह स्थान नहीं मिला, जिसके वे हकदार थे।
उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की रक्षा के लिए वीर नारायण सिंह ने अपने प्राण न्योछावर किए। इसी तरह लालसाय मांझी ने भी अंग्रेजों के खिलाफ बहादुरी से संघर्ष किया और अपने अदम्य साहस से अंग्रेजों के छक्के छुड़ा दिए। उन्होंने लालसाय मांझी के संघर्ष, गिरफ्तारी और कालापानी की सजा का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके बलिदान और संघर्ष को इतिहास में उचित स्थान दिलाना आज की पीढ़ी की जिम्मेदारी है।

आदिवासी नृत्य ने बांधा समां, मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान आदिवासी समाज के बच्चों ने आकर्षक एवं मनमोहक पारंपरिक आदिवासी नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। पारंपरिक संस्कृति और वेशभूषा ने पूरे आयोजन को विशेष रंग दे दिया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर समाज के होनहार एवं मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्तिपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर आदिवासी कंवर पैकरा समाज के सेवकराम कंवर, उत्तरा अशोक पटेल, भेषमती रूपसिंह साहू, पंकज निर्मलकर, सरपंच राधेश्याम दीवान, भाजपा नेता मानसिंग निषाद,सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एवं समाज के लोग उपस्थित रहे।

मुख्य खबरें