छुरा में कांग्रेस का संगठन सशक्तिकरण अभियान तेज, 4 अप्रैल को होगा भव्य सम्मान समारोह और अहम बैठक

रिपोर्टर :- अनीश सोलंकी
छुरा। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी छुरा द्वारा संगठन को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 4 अप्रैल 2026 (शनिवार) को राजमहल प्रांगण में भव्य सम्मान समारोह एवं आवश्यक बैठक का आयोजन किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम में नवगठित ब्लॉक कांग्रेस पदाधिकारियों का सम्मान किया जाएगा तथा पंचायत और बूथ स्तर पर संगठन के गठन को लेकर विस्तृत चर्चा होगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री माननीय अमितेश शुक्ला शामिल होंगे, जबकि अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी गरियाबंद के अध्यक्ष माननीय सखचंद बैंसरा करेंगे। आयोजन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करना और आने वाले समय में कांग्रेस की रणनीति को धार देना है।
बैठक में पंचायत और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा, जिससे संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष श्रीमती महेश्वरी शाह ने सभी मंडल अध्यक्षों, प्रभारियों एवं सेक्टर अध्यक्षों से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित करें, ताकि आयोजन सफल और प्रभावी बन सके।
इस आयोजन को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और इसे कांग्रेस के संगठन विस्तार की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
