गरियाबंद को मिली “जीवन रक्षक रफ्तार” 10 नई एम्बुलेंस से बदलेगी स्वास्थ्य सेवा की तस्वीर,कलेक्टर बी.एस. उइके ने दिखाई हरी झंडी, अब हर ब्लॉक तक तेज और बेहतर इलाज की पहुंच

रिपोर्टर :- अनीश सोलंकी
गरियाबंद। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देते हुए 10 नई 108 संजीवनी एक्सप्रेस एम्बुलेंस को सोमवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। जिला मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर श्री बी.एस. उइके, जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद इन एम्बुलेंसों को सेवा में शामिल किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू.एस. नवरत्न ने बताया कि नई मिली 10 एम्बुलेंसों में से 1 वाहन एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) से लैस है, जबकि 9 वाहन बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) सुविधा वाले हैं। इन वाहनों की तैनाती जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में की गई है, जिससे हर ब्लॉक में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित होगी।
जानकारी के अनुसार 2 एम्बुलेंस जिला अस्पताल गरियाबंद में तैनात रहेंगी। इसके अलावा पाण्डुका, राजिम, फिंगेश्वर, छुरा, मैनपुर, अमलीपदर, देवभोग और सूपेबेड़ा क्षेत्रों में एक-एक एम्बुलेंस आधार स्टेशन के रूप में कार्य करेगी। इससे विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में आसानी होगी।
अधिकारियों ने बताया कि इन एम्बुलेंसों के माध्यम से दुर्घटना, गंभीर बीमारी एवं आपातकालीन स्थितियों में मरीजों को त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी। समय पर रेफरल सुविधा मिलने से गंभीर मरीजों की जान बचाने की संभावना भी बढ़ेगी।
इस वर्ष से 108 संजीवनी एक्सप्रेस सेवा के संचालन की जिम्मेदारी जीवीके-एमरी को सौंपी गई है। सेवा प्रदाता में हुए इस बदलाव से एम्बुलेंस की उपलब्धता, गुणवत्ता और रिस्पॉन्स टाइम में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री बी.एस. उइके ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नई एम्बुलेंसों के संचालन से आम जनता को बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधा मिलेगी, जिससे जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती लालिमा ठाकुर, नगरपालिका अध्यक्ष श्री रिखीराम यादव, उपाध्यक्ष श्री आसिफ मेमन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
