पूर्व विधायक कुमार ओंकार शाह की धर्मपत्नी राजदुलारी शाह का निधन, नगर में शोक की लहर

छुरा :- छुरा राज परिवार एवं बिंद्रानवागढ़ के पूर्व विधायक कुमार ओंकार शाह की धर्मपत्नी राजदुलारी शाह का आज प्रातः उनके निज निवास में निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं। उनके निधन का समाचार मिलते ही नगर सहित क्षेत्रभर में शोक की लहर दौड़ गई।
स्वर्गीय राजदुलारी शाह सरल, सौम्य एवं धार्मिक प्रवृत्ति की महिला थीं। सामाजिक एवं पारिवारिक दायित्वों के निर्वहन में उनका विशेष योगदान रहा। उन्होंने सदैव सेवा, सद्भाव और संस्कारों को प्राथमिकता दी, जिसके कारण वे समाज में अत्यंत सम्मानित थीं।
उनके निधन पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, गणमान्य नागरिकों एवं शुभचिंतकों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है। शोक संदेशों में दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उनका अंतिम संस्कार कल सोमवार को छुरा में पूर्ण धार्मिक रीति-रिवाज के साथ किया जाएगा।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें।
**

मुख्य खबरें