तुहामेटा एनीकट को मिली 3.56 करोड़ की स्वीकृति, मैनपुर क्षेत्र में सिंचाई क्रांति की उम्मीदभू-जल संवर्धन और 55 हेक्टेयर में सिंचाई सुविधा से किसानों को मिलेगा बड़ा लाभ

 


गरियाबंद। विकासखंड मैनपुर के ग्राम तुहामेटा में बहुप्रतीक्षित एनीकट निर्माण कार्य को राज्य सरकार ने बड़ी सौगात देते हुए 3 करोड़ 56 लाख 36 हजार रुपए (356.36 लाख) की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस महत्वपूर्ण निर्णय से क्षेत्र में जल संरक्षण और सिंचाई सुविधा को नई दिशा मिलने जा रही है।
भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ के सहसंयोजक एवं वरिष्ठ नेता मुरलीधर सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि वित्त एवं योजना विभाग की समिति से अनुशंसा के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं जलसंसाधन मंत्री केदार कश्यप द्वारा परियोजना को अंतिम प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि जलसंसाधन विभाग गरियाबंद द्वारा शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
मुरलीधर सिन्हा ने कहा कि प्रस्तावित एनीकट निर्माण से न केवल क्षेत्र में भू-जल स्तर में वृद्धि होगी, बल्कि लगभग 55 हेक्टेयर कृषि भूमि को प्रत्यक्ष सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इससे किसानों को वर्षभर फसल उत्पादन का अवसर मिलेगा और खेती की लागत में कमी के साथ आय में वृद्धि होगी।
उन्होंने राज्य सरकार की विकासोन्मुखी सोच की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में ग्रामीण अंचलों में जल संरचनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे खेती-किसानी को मजबूती मिल रही है। जलसंसाधन मंत्री केदार कश्यप द्वारा लगातार क्षेत्रीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए योजनाओं को स्वीकृति देना किसानों के हित में बड़ा कदम है।
तुहामेटा एनीकट परियोजना को क्षेत्रवासियों ने भी स्वागतयोग्य निर्णय बताया है। ग्रामीणों का मानना है कि इस निर्माण से न केवल सिंचाई बल्कि पेयजल संकट में भी राहत मिलेगी तथा जल संरक्षण की दिशा में यह मील का पत्थर साबित होगा।
राज्य सरकार की इस पहल को मैनपुर विकासखंड के लिए विकास की नई धारा के रूप में देखा जा रहा है, जो आने वाले समय में कृषि समृद्धि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत आधार प्रदान करेगी।

मुख्य खबरें