आखिरकार हटाये गये विवादित एस.डी.ओ. चौधरी – जनप्रतिनिधियों के दबाव के आगे झुके कलेक्टर, जारी किया आदेश

गरियाबंद :- मैनपुर विकासखंड के चर्चित और विवादों में घिरे एस.डी.ओ. उत्तम कुमार चौधरी को आखिरकार पद से हटा दिया गया है। लंबे समय से उनके खिलाफ जनप्रतिनिधियों और सरपंच संघ का गुस्सा उबाल पर था। लगातार हो रही शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न होने से नाराज जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सरपंच संघ, जिला पंचायत सदस्य और अन्य जनप्रतिनिधि एकजुट होकर कलेक्टर से मिले।

जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर को स्पष्ट चेतावनी दी थी – “तीन दिन में एस.डी.ओ. चौधरी को नहीं हटाया गया तो मैनपुर में बड़े पैमाने पर आंदोलन और चक्का जाम होगा।” इस अल्टीमेटम के बाद प्रशासन में हलचल मच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने तत्काल प्रभाव से आदेश जारी कर एस.डी.ओ. उत्तम कुमार चौधरी को मैनपुर से हटाकर गरियाबंद मुख्यालय में अटैच कर दिया।

नई जिम्मेदारी के तहत मैनपुर जनपद में एस.डी.ओ. का अतिरिक्त प्रभार अब इंजीनियर गुप्तेश्वर साहू को सौंपा गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के बीच यह फैसला स्वागत योग्य माना जा रहा है, वहीं प्रशासनिक गलियारों में इसे जनदबाव की बड़ी जीत के रूप में देखा जा रहा है। मैनपुर में अब सबकी नजरें नये एस.डी.ओ. के कामकाज पर टिकी रहेंगी।

मुख्य खबरें