दफ्तर नहीं, अब गांव में पहुंच रहा शासन दुल्ला के सेवा सेतु शिविर में उमड़ा जनसैलाब, एक छत के नीचे योजनाओं की जानकारी से लेकर हितग्राहियों को सौगात तक विधायक रोहित साहू gबोले—सरकार की गारंटी अब कागजों में नहीं, योजनाओं के रूप में जनता तक पहुंच रही कलेक्टर रणवीर शर्मा ने कहा—‘शिक्षा जादू की छड़ी है, जितना पढ़ोगे उतना आगे बढ़ोगे’
संवाददाता – अनीश सोलंकी
छुरा :- सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अब ग्रामीणों को बार-बार दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। शासन खुद गांव की चौखट तक पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है, योजनाओं की जानकारी दे रहा है और पात्र हितग्राहियों को मौके पर लाभ भी पहुंचा रहा है। इसी उद्देश्य की तस्वीर शनिवार को छुरा विकासखंड के ग्राम पंचायत दुल्ला में देखने को मिली, जहां सेवा सेतु अभियान के तहत आयोजित ब्लॉक स्तरीय विशेष समाधान शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण उमड़ पड़े।
गांव के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में आयोजित शिविर में ऐसा लगा मानो पूरा प्रशासन ही ग्रामीणों के बीच पहुंच गया हो। एक ही परिसर में विभिन्न विभागों के स्टॉल, अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे ग्रामीण—पूरे दिन शिविर में गहमागहमी बनी रही। ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और मांगें अधिकारियों के सामने रखीं, वहीं विभागों ने शासन की योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया।

सरकार और जनता के बीच घट रही दूरी
कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। शिविर में वन अधिकार पट्टा, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, मछली जाल, पौधे सहित विभिन्न सामग्रियों का वितरण किया गया। विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
नुक्कड़ नाटक के जरिए ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभाव और उससे होने वाली बीमारियों के प्रति जागरूक किया गया। कृषि, पंचायत, स्वास्थ्य, वन, मत्स्य, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल पर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी गई।
सेवा सेतु शिविर ने यह संदेश भी दिया कि शासन और जनता के बीच की दूरी कम करने के लिए प्रशासन अब केवल कार्यालयों तक सीमित नहीं, बल्कि गांवों तक पहुंचकर सीधे संवाद कर रहा है।

‘गारंटी का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना लक्ष्य’ : रोहित साहू
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू ने कहा कि सेवा सेतु केवल शिविर नहीं, बल्कि शासन और जनता के बीच सीधे संवाद और समाधान का माध्यम है। सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा सरकार जनता से किए गए वादों और गारंटियों को धरातल पर उतारने का काम कर रही है। गरीब परिवारों के पक्के मकान, किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी, भूमिहीन कृषि मजदूरों को आर्थिक सहायता तथा महिलाओं को महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रतिमाह 1000 रुपये की सहायता सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ लोगों को मिल रहा है।
विधायक ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल योजना बनाना नहीं, बल्कि योजना का लाभ सही व्यक्ति तक पहुंचाना है। सड़क, पुल-पुलिया, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और मूलभूत सुविधाओं को लेकर लगातार काम किया जा रहा है। सेवा सेतु जैसे आयोजन इसी कड़ी का हिस्सा हैं, जहां ग्रामीणों को एक ही स्थान पर कई विभागों की सेवाएं और जानकारी मिल रही है।इस दौरान विधायक रोहित साहू ने क्षेत्र से संबंधित विभिन्न निर्माण कार्यों की स्वीकृति की घोषणा भी की।

‘शिक्षा जादू की छड़ी है’—विद्यार्थियों से बोले कलेक्टर
कलेक्टर रणवीर शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “शिक्षा जादू की छड़ी है। आप जितना अधिक शिक्षा ग्रहण करेंगे, उतना ही आपका विकास होगा और आपके सामने आगे बढ़ने के अवसर बढ़ेंगे।”
उन्होंने कहा कि हर माता-पिता चाहते हैं कि उनके बच्चे अच्छी शिक्षा प्राप्त कर आगे बढ़ें और बेहतर रोजगार हासिल करें। इसके लिए विद्यार्थियों को मेहनत, ईमानदारी और लगन के साथ पढ़ाई करनी चाहिए।
कलेक्टर ने पढ़ाई के साथ खेलकूद को भी जरूरी बताते हुए विद्यार्थियों को फुटबॉल प्रदान किया और कहा—“जमकर फुटबॉल खेलिए, शरीर को तंदुरुस्त रखिए और पढ़ाई के साथ खेल में भी अपनी प्रतिभा दिखाइए।”
उन्होंने छत्तीसगढ़ी भाषा, बोली और लोक संस्कृति की सराहना करते हुए स्थानीय गीत-संगीत का भी उल्लेख किया। ‘महुआ झरे’ और ‘आमा लोर गेहे’ जैसे गीतों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति और लोक परंपराओं को आगे बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है।

एक परिसर में कई विभाग, ग्रामीणों की समस्याओं पर सीधा संवाद
सेवा सेतु शिविर में कृषि, पंचायत, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, वन, मत्स्य और समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, प्रक्रिया और लाभ की जानकारी दी। ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।
यानी जिस काम के लिए ग्रामीणों को पहले अलग-अलग विभागों के कार्यालयों तक जाना पड़ता था, उसी जानकारी और सेवा को प्रशासन ने एक ही परिसर में उपलब्ध कराया।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
शिविर में पूर्व सांसद एवं छत्तीसगढ़ भंडार निगम अध्यक्ष चंदूलाल साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश संयोजक शिक्षा प्रकोष्ठ राजेश साहू, भाजपा जिला महामंत्री आशीष शर्मा, जनपद अध्यक्ष मीरा ठाकुर, जिला पंचायत सभापति शिवांगी चतुर्वेदी, जिला पंचायत कृषि सभापति लेखराज ध्रुवा, कलेक्टर रणवीर शर्मा, जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर, संयुक्त कलेक्टर ऋचा ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर साक्षी ध्रुव, एसडीएम विशाल महाराणा, जनपद सीईओ सतीश चंद्रवंशी, जनपद सदस्य पंकज निर्मलकर, अवध साहू, नारायण सिन्हा, सरपंच संघ ब्लॉक अध्यक्ष पन्नालाल ध्रुव, रामलाल कुलदीप, यामिनी चंद्राकर, खीरमणि हरपाल, केश्वरी ध्रुव, नीलकंठ ध्रुव, इंदेश्वरी दीवान, दुवासु ठाकुर, बसंती कंवर, तीजेश्वरी ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
