सेवा संकल्प अभियान के तहत नहरगांव में सेवा सेतु शिविर आयोजित शासन की योजनाओं और सेवाओं से सैकड़ो हितग्राही हुए लाभान्वित अन्नप्राशन, गोदभराई सहित विभिन्न योजनाओं के तहत सामग्री का भी किया गया वितरण

संवाददाता – अनीश सोलंकी 
गरियाबंद / प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेश भर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार के अंतर्गत आज गरियाबंद विकासखण्ड के ग्राम नहरगांव स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा विभागीय स्टॉल लगाए गए। शिविर में ग्रामीणों ने शासन की योजनाओं की जानकारी लेने के साथ अपनी समस्याओं एवं आवश्यकताओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर में कुल 186 आवेदन प्राप्त हुए। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी। साथ ही विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देते हुए इसका अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने हितग्राहियों को सामग्री वितरित कर योजनाओं से लाभान्वित किया। शिविर में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती लालिमा ठाकुर, नगर पालिका परिषद गरियाबंद के अध्यक्ष श्री रिखीराम यादव, पूर्व विधायक श्री डमरूधर पुजारी, कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्रीमती ऋषा ठाकुर, वरिष्ठ नागरिक श्री अनिल चंद्राकर एवं आशीष शर्मा, जनपद उपाध्यक्ष श्री लेखराम साहू, नगर पालिका के उपाध्यक्ष श्री आसिफ मेमन, नहरगांव के सरपंच श्री कोमल ध्रुव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं आसपास क्षेत्र के ग्रामीणजन उपस्थित थे। शिविर में शामिल सभी अतिथियों एवं नागरिकों ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत नशा मुक्ति का संकल्प भी लिया।
सेवा सेतु शिविर में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती लालिमा ठाकुर ने संबोधित करते हुए कहा कि सेवा सेतु शिविर शासन और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का एक सशक्त माध्यम है। ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए शासन के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा विकासखण्ड स्तरीय शिविर लगाकर सेवाएं गांव-गांव तक पहुंचाई जा रही हैं। जनपद पंचायत गरियाबंद के अध्यक्ष श्री सोहन धु्रव ने कहा कि सेवा सेतु अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं और योजनाओं की जानकारी मिल रही है। शिविर में प्राप्त आवेदनों और समस्याओं के निराकरण होने से लोगों को राहत मिल रही है। कार्यक्रम को जनप्रतिनिधियों ने संबोधित कर लोगों को शासन की योजनाओं के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने कहा कि सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिसके माध्यम से शासन की योजनाओं और सेवाओं को नागरिकों तक पहुंचाया जा रहा है। शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को मौके पर लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों एवं समस्याओं का नियमानुसार त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में सेवा सेतु शिविरों में पहुंचकर शासन की योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे नशे से दूर रहे, नशा करने वाले व्यक्ति के साथ उसके परिवार की आर्थिक स्थिति काफी खराब हो जाती है। उन्होंने कहा कि नशा नाश की जड़ है। नशे करने वाले व्यक्ति का सामाजिक, आर्थिक एवं मानसिक स्थिति खराब हो जाती है।  इसलिए नशापान से स्वयं एवं अपने परिजनों को भी दूर रखें।
शिविर में सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 4 बच्चों का अन्नप्राशन एवं 4 माताओं की गोद भराई की रस्म कराई गई। उद्यानिकी विभाग द्वारा 4 हितग्राहियों को सब्जी बीज मिनीकिट वितरित किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 2 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड एवं 3 हितग्राहियों को महतारी वय वंदन कार्ड प्रदान किए गए। समाज कल्याण विभाग द्वारा 1 हितग्राही को मोटराइज्ड ट्रायसिकल, 2 हितग्राहियों को ब्रेल किट एवं 2 हितग्राहियों को सामान्य ट्रायसायकल वितरित की गई। मत्स्य विभाग द्वारा 9 हितग्राहियों को मत्स्य जाल एवं आइस बॉक्स प्रदान किए गए। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा 2 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की चाबी सौंपी गई। साथ ही स्व-सहायता समूह को उद्यम के लिए बैंक से ऋण वितरण किया गया। श्रम विभाग द्वारा हितग्राहियों को श्रम कार्ड वितरित किए गए। कृषि विभाग द्वारा 4 हितग्राहियों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड प्रदान किए गए। पशुधन विकास विभाग द्वारा 4 हितग्राहियों को मेडिसिन किट वितरित की गई। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं से संबंधित जानकारी एवं सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

मुख्य खबरें