आंगन मिलन से गांव-गांव पहुंचा स्वास्थ्य और पोषण का संदेश, महिलाओं-बच्चों में दिखा उत्साह,,मैनपुर के 51 आंगनबाड़ी केंद्रों में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजन, गर्भवती-धात्री महिलाओं की हुई गोद भराई; उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकर्ताओं व मितानिनों का सम्मान

 

संवाददाता – अनीश सोलंकी 
गरियाबंद। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मैनपुर विकासखंड में चलाए जा रहे ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ के माध्यम से ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य, पोषण और सामाजिक सुरक्षा को लेकर जागरूकता की नई पहल की जा रही है। 25 सितंबर से 6 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे इस अभियान के तहत सोमवार को मैनपुर विकासखंड के विभिन्न ग्रामों के 51 आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यक्रम आयोजित हुए। इनमें महिलाओं, बच्चों और परिवारों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ-साथ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संतुलित आहार, पोषण और सामाजिक सुरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा। ग्राम पंचायत खरीपथरा, छैलडोंगरी, जांगड़ा, तुहामेटा, तेतलखुंटी, भेजीपदर, कुचेंगा, छोटेगोबरा, भैसमुंडी, सागड़ा एवं सरगीगुड़ा के आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित गतिविधियों में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं और बच्चे शामिल हुए।

पोषण थाली के साथ समझाया संतुलित आहार का महत्व

कार्यक्रम के दौरान गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य को लेकर विशेष पोषण जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। महिलाओं को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को आहार में शामिल करने, संतुलित भोजन लेने तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई। इस दौरान आदर्श पोषण आहार का प्रदर्शन कर संतुलित एवं पौष्टिक भोजन की उपयोगिता को सरल तरीके से समझाया गया।

स्वास्थ्य विभाग की मितानिनों ने महिलाओं और परिवारों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं, वहीं श्रम विभाग के कर्मचारियों ने सामाजिक सुरक्षा एवं शासन की विभिन्न योजनाओं के संबंध में जानकारी साझा की। ग्रामीणों को पात्रतानुसार योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।


गोद भराई से मातृत्व और पोषण का दिया संदेश
आंगन मिलन कार्यक्रम के दौरान गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के लिए विशेष आयोजन किए गए।

गर्भवती महिलाओं की गोद भराई रस्म पारंपरिक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई गई। इस दौरान उन्हें मातृत्व के दौरान पौष्टिक आहार, स्वास्थ्य देखभाल और आवश्यक सावधानियों के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम ने ग्रामीण अंचलों में मातृ स्वास्थ्य और पोषण को लेकर जागरूकता का संदेश भी दिया।

खेलकूद और सामूहिक गतिविधियों से बढ़ा उत्साह

आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम को केवल जागरूकता तक सीमित न रखते हुए महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न मनोरंजक खेलकूद एवं सामूहिक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। महिलाओं ने उत्साह के साथ इन गतिविधियों में हिस्सा लिया। इससे आंगनबाड़ी केंद्रों में एक ओर जहां उत्सव जैसा माहौल बना, वहीं दूसरी ओर महिलाओं के बीच संवाद और सहभागिता भी बढ़ी।
योजनाओं का लाभ लेकर बदलाव लाने वाले हितग्राही सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेकर अपने परिवार के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाले हितग्राहियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं मितानिनों को भी सम्मान देकर उनके योगदान को सराहा गया।

‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ के माध्यम से ग्रामीण परिवारों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने, महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य-पोषण को लेकर जागरूकता बढ़ाने और समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। मैनपुर के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित यह पहल आंगनबाड़ी केंद्रों को जागरूकता, पोषण और जनकल्याण की गतिविधियों का प्रभावी केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में सामने आई है।

मुख्य खबरें