“रावणभाठा से कलेक्ट्रेट तक कांग्रेस का ‘वोट चोरी’ पर वार, गरियाबंद में गरजी सियासी आवाज”,,“धरना, विरोध मार्च और पुतला दहन के बाद राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन; निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल”

 

संवाददाता – अनीश सोलंकी
गरियाबंद। ‘वोट चोरी’ के आरोपों और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी गरियाबंद ने सोमवार को रावणभाठा मैदान में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर जोरदार विरोध दर्ज कराया। धरना समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में कांग्रेस के महिला-पुरुष पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए रावणभाठा से कलेक्ट्रेट कार्यालय तक विरोध मार्च में शामिल हुए। कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई, उनके निर्णयों की समीक्षा तथा कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे कथित चुनावी अनियमितताओं के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की।

धरना स्थल पर आयोजित सभा में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखचंद बेसरा ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के निर्णयों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मामलों में गंभीर अनियमितताओं की आशंका है, जिसकी स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच आवश्यक है। बेसरा ने कहा कि कांग्रेस का आरोप है कि चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित कर भाजपा को राजनीतिक लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्तर पर नियमों का उल्लंघन अथवा कोई आपराधिक कृत्य प्रमाणित होता है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

मतदाता सूची और एसआईआर प्रक्रिया पर उठाए सवाल

बेसरा ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने तथा विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर (Special Intensive Revision) की प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियाद है और इससे जुड़े किसी भी विवाद को पारदर्शी तरीके से स्पष्ट किया जाना चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची को लेकर उठ रहे सवालों का निर्वाचन आयोग को तथ्यात्मक और पारदर्शी जवाब देना चाहिए, ताकि आम मतदाता के बीच किसी प्रकार का भ्रम या संदेह न रहे।

सभा में सुघर मल आड़े ने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता का वोट उसका सबसे महत्वपूर्ण अधिकार है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से संबंधित किसी भी शिकायत अथवा विवाद की निष्पक्ष जांच जरूरी है। वहीं जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम ने कहा कि कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों की स्वतंत्र जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जांच से वास्तविक स्थिति सामने आ जाएगी और यदि किसी प्रकार की अनियमितता प्रमाणित होती है तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए।

कांग्रेस में वापसी और नए सदस्यों का स्वागत बना आकर्षण

धरना सभा के दौरान पूर्व पार्षद ऋतिक सिन्हा के कांग्रेस में वापसी के बाद बड़ी संख्या में उनके साथ महिला एवं पुरुष समर्थक कांग्रेस के समर्थन में नारेबाजी करते हुए मंच तक पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया। कांग्रेस में वापसी करने वाले सदस्यों के साथ-साथ नए सदस्यों का भी पार्टी पदाधिकारियों ने तिलक लगाकर एवं कांग्रेस का गमछा पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान सभा स्थल पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।

पुतला दहन कर जताया विरोध

धरना प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध मार्च निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ भी नारे लगाए। इसके बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया।

पुतला दहन के बाद कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई, उनके निर्णयों की समीक्षा तथा कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे ‘वोट चोरी’ के आरोपों की जांच की मांग प्रमुखता से रखी गई। कांग्रेस ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े आरोपों और शिकायतों का पारदर्शी तरीके से निराकरण आवश्यक है।

बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद

प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखचंद बेसरा, रमेश शर्मा, आबिद ढेबर, राजेश साहू, छगन यादव, सन्नी मेमन, प्रेम सोनवानी, छीनू ध्रुव, देवशरण विश्वकर्मा, चेतन सिन्हा, यशवंत सिन्हा, पवन सोनकर, विकास तिवारी, निरंजन प्रधान, ऋतिक सिन्हा, लोकेंद्र कोमार्रा, भूपेंद्र मांझी, सौदर कश्यप, अनामो बघेल, विकास अग्रवाल, जयशंकर नागेश, दुलार सिंह, भविष्य प्रधान, सुशील सोनी, ओंकार ठाकुर, सफीक खान, बबलू ध्रुव, माहेश्वरी शाह, पुष्पा साहू, ममता फुलझेले, प्रतिभा पटेल, हेमलता सिन्हा, ज्योति साहनी सहित जिला कांग्रेस पदाधिकारी, ब्लॉक एवं शहर कांग्रेस के पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल तथा विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

मुख्य खबरें