विकास की सौगात लेकर 6 सितंबर को छुरा पहुंचेंगे विधायक रोहित साहू कई निर्माण कार्यों का करेंगे भूमिपूजन, गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद; कार्यकर्ताओं और प्रबुद्धजनों से भी करेंगे मुलाकात

संवाददाता – अनीश सोलंकी
छुरा। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-54 राजिम में विकास कार्यों को गति देने के साथ ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करने विधायक रोहित साहू 6 सितंबर, रविवार को छुरा विकासखंड के विभिन्न गांवों के दौरे पर रहेंगे। विधायक के दौरे को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। अपने दौरे के दौरान विधायक जहां विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन करेंगे, वहीं ग्रामीणों से रूबरू होकर क्षेत्र की समस्याओं, आवश्यकताओं और विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा करेंगे।
जारी दौरा कार्यक्रम के अनुसार विधायक रोहित साहू सुबह 11:30 बजे राजिम स्थित अपने निवास से ग्राम बोड़राबांधा (ब), विकासखंड छुरा के लिए रवाना होंगे। वे दोपहर 12:10 बजे बोड़राबांधा (ब) में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होकर क्षेत्र को विकास कार्यों की सौगात देंगे।
इसके बाद दोपहर 12:30 बजे ग्राम कसहीबाहरा (बोड़राबांधा-ब) पहुंचेंगे, जहां वे ग्रामीणों से जनसंपर्क करने के साथ पार्टी पदाधिकारियों एवं प्रबुद्धजनों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं, विकास की जरूरतों और संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की जाएगी।
वहीं 1:15 बजे ग्राम बहेराभांठा (बोड़राबांधा-ब) में विधायक का जनसंपर्क एवं बैठक कार्यक्रम निर्धारित है। यहां भी वे ग्रामीणों और पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात कर क्षेत्र की स्थिति की जानकारी लेंगे।
खुसरुपाली में जनसंपर्क के साथ जन्मोत्सव कार्यक्रम में होंगे शामिल
दोपहर 2:30 बजे विधायक रोहित साहू ग्राम खुसरुपाली (कोसमबुड़ा) पहुंचेंगे। यहां जनसंपर्क कार्यक्रम के साथ पार्टी पदाधिकारियों एवं प्रबुद्धजनों के साथ बैठक करेंगे। इसी दौरान वे श्रीमती किरण भोगेंद्र ठाकुर, सरपंच के यहां आयोजित जन्मोत्सव कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
इसके पश्चात दोपहर 3:30 बजे से विधानसभा क्षेत्र में उनका दौरा कार्यक्रम जारी रहेगा। विधायक क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर लोगों से संवाद करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे शाम 7:30 बजे राजिम स्थित अपने निवास पहुंचेंगे।
ग्रामीणों से सीधे संवाद पर रहेगा जोर
विधायक के दौरे की खास बात यह रहेगी कि वे केवल भूमिपूजन कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि गांवों में पहुंचकर आम लोगों से सीधे संवाद भी करेंगे। ग्रामीणों की समस्याओं, सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विकासात्मक मुद्दों की जानकारी लेकर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक पहल किए जाने की उम्मीद है।
विधायक के दौरे को लेकर संबंधित अधिकारियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं को आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए गए हैं। गांव-गांव होने वाले जनसंपर्क और बैठक कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखा जा रहा है।
6 सितंबर का यह दौरा छुरा विकासखंड में विकास कार्यों, जनसंपर्क और ग्रामीण संवाद के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भूमिपूजन के जरिए जहां क्षेत्र में नए निर्माण कार्यों की शुरुआत होगी, वहीं विधायक की ग्रामीणों के साथ सीधी मुलाकात से स्थानीय समस्याओं को सामने रखने का अवसर भी मिलेगा।
