छुरा नगर पंचायत में भाजपा का बढ़ा कुनबा! नवनियुक्त एल्डरमैनों ने विधायक रोहित साहू से की मुलाकात, गुलदस्ता भेंट कर जताया आभार

छुरा। छुरा नगर पंचायत में मनोनीत किए गए नवनियुक्त एल्डरमैनों ने शनिवार को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) विश्रामगृह पहुंचकर राजिम विधायक रोहित साहू से सौजन्य मुलाकात की।

इस दौरान एल्डरमैनों ने विधायक का गुलदस्ता भेंट कर आभार व्यक्त किया। वहीं विधायक रोहित साहू ने सभी नवनियुक्त एल्डरमैनों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए जनसेवा और नगर विकास के कार्यों में पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

मुलाकात के दौरान नगर पंचायत छुरा के नवनियुक्त एल्डरमैन सफर सचदेव, तुलाराम साहू एवं धर्मेंद्र चंद्राकर ने विधायक रोहित साहू का स्वागत करते हुए उन्हें विश्वास दिलाया कि वे नगर के विकास, स्वच्छता, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार तथा आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।

विधायक रोहित साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार नगरीय निकायों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। नगर पंचायतों में योग्य एवं सक्रिय जनप्रतिनिधियों की भागीदारी से विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि एल्डरमैन जनता और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं, इसलिए जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने नवनियुक्त एल्डरमैनों से नगर की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर उनके निराकरण के लिए समन्वय बनाकर कार्य करने का आग्रह किया।

विधायक ने विश्वास जताया कि तीनों एल्डरमैन छुरा नगर पंचायत के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए जनता की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान आत्मीय वातावरण देखने को मिला तथा नवनियुक्त एल्डरमैनों के सम्मान में सभी ने उन्हें उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुख्य खबरें