10.50 करोड़ के हाईलेवल ब्रिज का रास्ता साफ! विधायक रोहित साहू ने अधिकारियों संग किया निर्माण स्थल का निरीक्षण, छुरा–कोमाखान मार्ग को मिलेगी नई रफ्तार

 

बरसों की परेशानी होगी खत्म, बारिश में बंद होने वाला सूखा नदी पुल अब बनेगा इतिहास, गरियाबंद से कोमाखान तक सड़क चौड़ीकरण का भी जल्द होगा शुभारंभ

छुरा। क्षेत्र की वर्षों पुरानी बहुप्रतीक्षित मांग अब धरातल पर उतरने जा रही है। शनिवार को राजिम विधायक रोहित साहू ने छुरा स्थित सूखा नदी पर प्रस्तावित 10 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से बनने वाले उच्चस्तरीय पुल के निर्माण स्थल का निरीक्षण किया।

इस दौरान सेतु निगम, लोक निर्माण विभाग, राजस्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रस्तावित पुल की डिजाइन, एप्रोच रोड, निर्माण क्षेत्र तथा तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी विधायक को दी। विधायक रोहित साहू ने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह पुल क्षेत्र के हजारों लोगों की जीवनरेखा साबित होगा और इसके निर्माण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बारिश में थम जाती थी जिंदगी, अब मिलेगा स्थायी समाधान

सूखा नदी पर बना पुराना पुल हर वर्ष बारिश के दौरान जलस्तर बढ़ने पर पूरी तरह डूब जाता है। पुल के ऊपर पानी आने से छुरा, कोमाखान, महासमुंद, ओड़िशा के खरियार रोड और नुआपाड़ा की ओर जाने वाला प्रमुख मार्ग कई घंटों से लेकर कई दिनों तक बंद हो जाता है। इससे आम नागरिकों, किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

क्षेत्रवासियों की इसी वर्षों पुरानी समस्या को देखते हुए विधायक रोहित साहू ने लगातार शासन स्तर पर पहल की, जिसके परिणामस्वरूप 10.50 करोड़ रुपये की लागत से उच्चस्तरीय पुल निर्माण को स्वीकृति मिली। अब जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ होने जा रहा है।

क्षेत्र की तस्वीर बदलेगा हाईलेवल ब्रिज

प्रस्तावित उच्चस्तरीय पुल बनने के बाद वर्षभर निर्बाध आवागमन संभव होगा। मानसून में संपर्क टूटने की समस्या समाप्त होगी, व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी तथा छत्तीसगढ़ और ओड़िशा के बीच आवागमन और अधिक सुगम हो जाएगा। इससे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

गरियाबंद से कोमाखान तक सड़क होगी चौड़ी

निरीक्षण के दौरान विधायक रोहित साहू ने कहा कि केवल पुल ही नहीं, बल्कि गरियाबंद से कोमाखान तक सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है और इसका कार्य भी शीघ्र प्रारंभ होगा। सड़क चौड़ी होने से यातायात अधिक सुरक्षित एवं सुगम होगा तथा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

 

अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश

विधायक ने निर्माण एजेंसियों एवं विभागीय अधिकारियों से कहा कि पुल निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा हो, ताकि क्षेत्र की जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और विकास कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल

उच्चस्तरीय पुल की स्वीकृति और निर्माण प्रक्रिया शुरू होने से क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है। लोगों का कहना है कि वर्षों से जिस पुल की मांग की जा रही थी, वह अब साकार होती दिखाई दे रही है। स्थानीय नागरिकों ने इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए विधायक रोहित साहू के प्रयासों की सराहना की।

मुख्य खबरें