छुरा नगर पंचायत के सीएमओ कृष्णकुमार कुर्रे का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

रिपोर्टर :- अनीश सोलंकी
छुरा :– नगर पंचायत छुरा के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सी.एम.ओ.) कृष्णकुमार कुर्रे का आज इलाज के दौरान अस्पताल में दुखद निधन हो गया। उनके असामयिक निधन की खबर से नगर सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
बताया जा रहा है कि वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और उनका उपचार जारी था। आज अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से नगर पंचायत छुरा को एक कर्मठ, जिम्मेदार और ईमानदार अधिकारी की अपूरणीय क्षति हुई है।
गौरतलब है कि कृष्णकुमार कुर्रे ने लगभग एक माह पूर्व ही नगर पंचायत छुरा के सीएमओ पद का प्रभार संभाला था। अपने अल्प कार्यकाल में ही उन्होंने नगर के विकास कार्यों को गति देने और प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल शुरू की थीं। उनके सरल स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व के कारण वे जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों के बीच काफी लोकप्रिय हो गए थे।
उनके निधन की सूचना मिलते ही नगर पंचायत कार्यालय सहित विभिन्न विभागों में शोक का माहौल व्याप्त हो गया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
नगरवासियों ने भी उनके आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति बताया है। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की जा रही है।
