गरियाबंद पुलिस की ‘होली स्पेशल’ मुहिम: हुड़दंगियों पर सख्त प्रहार, 120 लीटर अवैध शराब जब्त, 45 प्रकरणों में विधिसम्मत कार्रवाई

संवाददाता :- अनीश सोलंकी 

गरियाबंद। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं विधि-सम्मत ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गरियाबंद पुलिस द्वारा विशेष अभियान ‘होली स्पेशल’ संचालित किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिले के समस्त थाना प्रभारियों को शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं।
आबकारी अधिनियम के तहत ठोस कार्रवाई
अवैध शराब के विक्रय एवं परिवहन पर नियंत्रण हेतु गठित विशेष टीमों द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों में दबिश दी गई।
थाना गरियाबंद: 02 प्रकरण, 40 लीटर अवैध शराब जब्त
थाना फिंगेश्वर: 02 प्रकरण, 12 लीटर अवैध शराब जब्त
थाना छुरा: 04 प्रकरण, 46.880 लीटर अवैध शराब जब्त
थाना देवभोग: 02 प्रकरण, 16 लीटर अवैध शराब जब्त
थाना अमलीपदर: 01 प्रकरण, 06 लीटर अवैध शराब जब्त
कुल 11 प्रकरणों में लगभग 120 लीटर अवैध शराब जब्त कर आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
जुआ अधिनियम के अंतर्गत छापामार कार्रवाई
थाना छुरा क्षेत्रांतर्गत जुआ-सट्टा संचालित किए जाने की सूचना पर विधिवत रेड कार्यवाही कर 01 प्रकरण में ₹6,620 नगद राशि एवं ताश की गड्डियां जब्त की गईं। 06 आरोपियों के विरुद्ध जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
मोटरयान अधिनियम के तहत दंडात्मक कार्रवाई
नशे की हालत में वाहन संचालन (Drink and Drive) के विरुद्ध धारा 185 मोटरयान अधिनियम के अंतर्गत—
थाना देवभोग: 05 प्रकरण
थाना राजिम: 03 प्रकरण
थाना पाण्डुका: 02 प्रकरण
कुल 10 प्रकरणों में कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त मोटरयान अधिनियम की अन्य धाराओं के तहत 35 प्रकरणों में चालानी कार्यवाही की गई। ब्रेथ एनालाइजर से परीक्षण उपरांत वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की गई। बिना हेलमेट, तीन सवारी एवं आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में वाहन संचालन करने वालों के विरुद्ध भी नियमानुसार दंडात्मक कार्यवाही की गई।
गुंडा एवं निगरानी बदमाशों की सत्यापन जांच
जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में गुंडा एवं निगरानी बदमाशों को तलब कर सत्यापन एवं कड़ी चेतावनी दी गई। पुनरावृत्ति की स्थिति में कठोर विधिक कार्रवाई की चेतावनी प्रदान की गई है।
प्रतिबंधात्मक कार्यवाही
लोक शांति बनाए रखने हेतु विभिन्न धाराओं के अंतर्गत 11 प्रकरणों में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर संबंधित व्यक्तियों से बांड भरवाया गया।
पुलिस अधीक्षक का विधिक संदेश
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि होली सामाजिक सौहार्द का पर्व है। किसी भी प्रकार की अशांति, महिला उत्पीड़न, हुड़दंग अथवा सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक जानकारी प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक एवं दमनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
गरियाबंद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे कानून का पालन करते हुए सुरक्षित एवं संयमित वातावरण में पर्व को मनाये

मुख्य खबरें